उज्जैन 16 जून (आरएनएस)। अधिकारी बनने का सपना संजोए एक युवा पारिवारिक कलह नहीं सह पाया और फांसी लगाकर जान दे दी। पांच पेज के सुसाइड नोट में उसने अपनी मौत का जिम्मेदार सास को ठहराते हुए लिखा कि उनकी प्रताडऩा से तंग आकर वो जान दे रहा है।
आगर मालवा जिले के नलखेड़ा का रहनेवाला 27 वर्षीय राहुल पिता रामकरण सूर्यवंशी उज्जैन के नागझिरी क्षेत्र में रहकर यूपीएससी की तैयारी कर रहा था। वह किराए के कमरे में रहता था। पास ही रहने वाला सुभाष उसका दोस्त बन गया था। सोमवार दोपहर करीब तीन बजे सुभाष परीक्षा देकर लौटा और राहुल के कमरे पर गया तो वो फांसी के फंदे पर लटका मिला। तुंरत नागझिरी पुलिस और राहुल के परिजनों को घटना की सूचना दी गई।
पुलिस ने मौके से 5 पेज का सुसाइड नोट लिखा है जिसमें राहुल ने अपनी सास सिद्धिका कामरिया निवासी आगर पर प्रताडऩा का आरोप लगाते हुए सिलसिलेवार प्रताडऩा का विवरण लिखा है।
परिजनों ने बताया कि सिद्धिका उनके परिवार को दहेज प्रताडऩा के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर 5 लाख रुपए मांगती थी। मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद राहुल का शव परिजनों को सौंप दिया गया है। नागझिरी पुलिस ने मर्ग कायम कर मामला जांच में लिया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
राहुल ने सुसाइड नोट में बताया कि वह आईएएस बनना चाहता था। इसी बीच 10 फरवरी 26 को उसकी शादी आगर की मन्नत उर्फ कविता कामरिया से हो गई। उसने एक रुपए का भी दहेज नहीं लिया।
शादी के बाद कविता घर गई तो उसे वापस नहीं भेजा। मात्र 10 दिन बाद 20 फरवरी को सास सिद्धिका ने फोन लगाकर 5 लाख रुपए और बेटी से तलाक मांगा। नहीं देने पर दहेज प्रताडऩा में पूरे परिवार को फंसाने की धमकी दी। सिद्धिका रोज फोन पर धमकियां देकर प्रताडि़त करती इस कारण 21 मई को वो यूपीएससी की परीक्षा भी ठीक से नहीं दे पाया।
इनका कहना राहुल यहां पढ़ाई कर रहा था। सुसाइड नोट पुलिस को मिला है। इसकी वैज्ञानिक जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है।
–कमल निगवाल टीआई, थाना नागझिरी

