सिरसा 18 जून (आरएनएस)। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देशानुसार जिला पुलिस द्वारा नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से हजारों रूपए की 16 ग्राम 577 मिलीग्राम हेरोइन बरामद की गई है। एंटी नारकोटिक्स सेल सिरसा पुलिस टीम के प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुखजीत सिंह ने बताया कि उनकी टीम गश्त के दौरान मेला ग्राउंड सिरसा क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक पुलिस गाड़ी को देखकर अचानक बाइक को वापस मोड़कर भागने लगा। शक के आधार पर उसे काबू कर राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कथित आरोपी दिलजीत सिंह पुत्र नयाब सिंह निवासी गांव मीरपुर, जिला सिरसा के कब्जे से 7 ग्राम 500 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई। जबकि एक अन्य कार्रवाई में सीआईए ऐलनाबाद की टीम सरदूलगढ़ रोड, रोड़ी क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस दौरान एक युवक पुलिस को देखकर बचने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने उसे पकड़कर नियमानुसार तलाशी ली तो आरोपी जग्गा सिंह उर्फ मोटू पुत्र होशियार सिंह निवासी वार्ड नंबर 20, रोड़ी के कब्जे से 9 ग्राम 77 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई। दोनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा तथा हेरोइन तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

