बीएलओ बोले, सत्यापन के लिए आधार कार्ड लेकर पहुंचे नागरिक
सिरसा 18 जून (आरएनएस)। निर्वाचन आयोग द्वारा आरंभ किए गए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत वार्ड नंबर 17 में मतदाता सूची के सत्यापन के कार्य ने रफ्तार पकड़ ली है। इस सिलसिले में वार्ड 17 की पार्षद मोनिका पंकज सर्राफ ने बताया कि इस अभियान के तहत मतदान केंद्र से पहुंचे बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) ने गली तलंगा वाली (कालूराम वैद्यवाली गली), गली सांखोवाली, भादरा बाजार तथा खजानचियों वाली गली के निवासियों को अपने पूरे परिवार के आधार कार्ड लेकर वार्ड 17 की पार्षद मोनिका पंकज सर्राफ के कार्यालय, गली पारखांवाली, भादरा बाजार पहुंचने का आग्रह किया है। पार्षद मोनिका पंकज सर्राफ ने बताया कि बीएलओ विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य के लिए मौके पर मौजूद हैं और मतदाता सूची से संबंधित आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर रहे हैं। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से अनुरोध किया कि वे इस कार्य में सहयोग करते हुए समय पर पहुंचें और अपने पड़ोसियों को भी इस महत्वपूर्ण कार्य की जानकारी दें ताकि अधिक से अधिक लोगों का सत्यापन कार्य पूरा हो सके। उन्होंने बताया कि आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह भी निर्धारित किया गया है कि पूरे परिवार के आधार कार्ड लेकर घर का केवल एक सदस्य भी कार्यालय पहुंच सकता है। इससे भीड़ कम होगी और कार्य को तेजी से पूरा किया जा सकेगा। स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि वे लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने के लिए इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और मतदाता सूची के शुद्धिकरण एवं अद्यतन कार्य में प्रशासन का सहयोग करें। अधिकारियों का कहना है कि सही और अद्यतन मतदाता सूची लोकतंत्र की मजबूती का आधार है, इसलिए प्रत्येक पात्र मतदाता का विवरण सही होना आवश्यक है। वार्ड 17 में चल रहे इस विशेष अभियान को लेकर क्षेत्र के नागरिकों में भी उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में लोग अपने दस्तावेजों के साथ निर्धारित स्थान पर पहुंच रहे हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

