-भाकियू टिकैत के जिलाध्यक्ष डॉ.रामजन्म वर्मा ने समर्थकों के साथ भाकियू अराजनैतिक में हुए शामिल
अयोध्या 17 जून (आरएनएस )। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के लिए एक महत्वपूर्ण एवं संगठन को मजबूती प्रदान करने वाला दिन रहा। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) जनपद अयोध्या के जिला अध्यक्ष डॉ. रामजन्म वर्मा अपने समर्थकों एवं पूरी टीम के साथ भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक की नीतियों एवं किसान हितैषी विचारधारा से प्रभावित होकर संगठन में शामिल हुए। इस अवसर पर भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के जिला अध्यक्ष अरविंद यादव ने सभी नवागंतुक पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर गर्मजोशी के साथ स्वागत एवं अभिनंदन किया तथा विश्वास व्यक्त किया कि उनके संगठन में शामिल होने से किसानों की लड़ाई और अधिक मजबूत होगी। संगठन विस्तार के क्रम में विभिन्न पदों पर जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं। अमरनाथ को तहसील अध्यक्ष, रामसूरत को जिला सचिव, लाल बहादुर को तहसील अध्यक्ष सदर, प्रभात को ग्राम सभा अध्यक्ष तथा दीपचंद को संगठन मंत्री का दायित्व सौंपा गया। सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का उपस्थित कार्यकर्ताओं ने तालियों की गडग़ड़ाहट के बीच स्वागत किया। इसके उपरांत तहसील सदर स्थित तिकुनिया पार्क में किसानों की मासिक पंचायत आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अरविंद यादव ने की। पंचायत में किसानों की विभिन्न समस्याओं जैसे खाद की उपलब्धता, सिंचाई, बिजली, राजस्व संबंधी मामलों तथा अन्य जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। पंचायत के बाद किसानों की समस्याओं के समाधान हेतु एक मांगपत्र जिलाधिकारी के प्रतिनिधि तहसीलदार सदर को सौंपा गया और शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई। जिला अध्यक्ष अरविंद यादव ने कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान नहीं किया गया तो भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस अवसर पर प्रमुख रूप से महिला जिला अध्यक्ष सविता मौर्य, जेपी किसान, डॉ. रामजन्म वर्मा, महानगर अध्यक्ष अजय ब्लॉक अध्यक्ष तारुनराजाराम वर्मा जिला उपाध्यक्ष विनोद कुमार संगठन मंत्री अर्जुन मौर्या यादव, रामप्यारे धुरिया सहित बड़ी संख्या में किसान एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

