-अयोध्या में तीन परीक्षा केंद्रों पर 1105 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
-आज होगी परास्नातक व पीएचडी की प्रवेश परीक्षा
अयोध्या, 17 जून (आरएनएस )। प्रदेश के पांचों कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालयों में दाखिले के लिए यूपी कैटेट ( उत्तर प्रदेश संयुक्त कृषि एवं प्रौद्योगिकी प्रवेश परीक्षा ) बुधवार से शुरू हो गई। पहले दिन अयोध्या में तीन केंद्रों पर कुल 1105 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। इसमें पहले दिन अयोध्या केंद्रों पर परीक्षा के लिए कुल 1205 अभ्यर्थी पंजीकृत किए गए थे। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के कुलपति डा. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने अयोध्या के परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने केंद्रों पर लगे सीसीटीवी और सीटिंग प्लान की जांच की। नकलविहीन परीक्षा कराए जाने को लेकर अधिकारियों को सख्त हिदायत भी दी। कृषि विवि के कुलसचिव डा.पी.एस. प्रमाणिक ने बताया कि राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में 432 अभ्यर्थी परीक्षा देने के लिए पंजीकृत किए गए थे, जिसमें 39 अनुपस्थित रहे। आदर्श इंटर कॉलेज में 341 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे जिसमें 31 अनुपस्थित रहे। राजकीय इंटर कॉलेज में 432 अभ्यर्थी पंजीकृत थे जिसमें 30 अनुपस्थित रहे। परीक्षा सुबह 09 से 12 बजे तक आयोजित की गई। परीक्षा के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। परीक्षा केंद्रों पर सबसे पहले अभ्यर्थियों की जांच-पड़ताल की गई उसके बाद प्रवेश दिया गया। यह प्रवेश परीक्षा 11 शहरों में आयोजित हो रही है। परीक्षा को पारदर्शी व निष्पक्ष कराने के लिए अभ्यर्थियों के अंगूठे का निशान भी लिया गया। मिलान काउंसिलिंग के दौरान भी किया जाएगा। इस वर्ष यूपी कैटेट का आयोजन बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, बांदा आयोजित कर रहा है। आज दूसरे दिन पहली पाली में परास्नातक व पीएचडी की व दूसरी पाली में एमबीए में प्रवेश के लिए परिक्षाएं आयोजित होंगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

