-युवाओं के कौशल विकास को मिलेगी नई दिशा,आधुनिक कार्यशाला और प्रशिक्षण केन्द्र का हुआ निर्माण
अयोध्या 17 जून (आरएनएस )। जनपद के सोहावल क्षेत्र में स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में आधुनिक कार्यशाला एवं प्रशिक्षण केंद्र का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। 3.82 करोड़ रुपये की लागत से हो रहे इस परियोजना से संस्थान की तस्वीर पूरी तरह बदल रही है और युवाओं को अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त प्रशिक्षण मिल सकेगा।
परियोजना के तहत राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सोहावल में आधुनिक कार्यशाला, प्रशिक्षण केंद्र सहित अन्य सुविधाओं का निर्माण किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड को इस कार्य की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। उपलब्ध जानकारी के अनुसार कार्य की शुरूआत 25 अगस्त 2025 को हुई थी और निर्धारित समयावधि के अनुसार पूरा होना है। उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड के सहायक अभियंता संजय सिंह ने बताया कि आधुनिक कार्यशाला एवं प्रशिक्षण केंद्र का निर्माण कार्य लगभग पूर्णता की ओर है। वर्तमान में भवन में पेंटिंग, फिनिशिंग एवं अन्य अंतिम चरण के कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह महत्वाकांक्षी परियोजना टाटा टेक्नोलॉजी लिमिटेड के सहयोग से विकसित की जा रही है। परियोजना के पूर्ण होने के बाद इसका संचालन भी टाटा टेक्नोलॉजी लिमिटेड द्वारा किया जाएगा। साथ ही, अत्याधुनिक मशीनों की स्थापना, उनका संचालन एवं रखरखाव तथा युवाओं को आधुनिक तकनीकों पर आधारित व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करने की जिम्मेदारी भी कंपनी द्वारा निभाई जाएगी।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना की स्वीकृत लागत 3.82 करोड़ रुपये है। यह राशि कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग के अधीन विभिन्न स्रोतों से उपलब्ध कराई गई है। निर्माण कार्य में उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री का उपयोग किया जा रहा है, जिससे भवन न केवल मजबूत बनेगा बल्कि आधुनिक डिजाइन और सुविधाओं से भी सुसज्जित होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में आईटीआई संस्थानों के आधुनिकीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सोहावल आईटीआई का यह कायाकल्प अयोध्या में तकनीकी शिक्षा के विस्तार की दिशा में एक बड़ा कदम है। संस्थान में अब युवा विभिन्न ट्रेड्स में विश्वस्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे, जो उन्हें बेहतर रोजगार के अवसर प्रदान करेगा।
स्थानीय युवाओं के लिए यह परियोजना बेहद महत्वपूर्ण है। आधुनिक कार्यशालाओं, प्रशिक्षण केंद्रों और उन्नत मशीनरी से लैस होने के बाद यहां प्रशिक्षित युवा न केवल स्थानीय उद्योगों की जरूरतें पूरी करेंगे बल्कि प्रदेश और देश के अन्य क्षेत्रों में भी अपनी सेवाएं दे सकेंगे। कौशल विकास से जुड़े इस प्रयास से बेरोजगारी घटाने और आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने में मदद मिलेगी। राजकीय आईटीआई सोहावल के प्राचार्य और स्थानीय प्रशासन ने निर्माण एजेंसी की सराहना की है। उन्होंने बताया कि शेष कार्य भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा ताकि निर्धारित समय से पहले ही संस्थान को नई सुविधाएं सौंपी जा सकें।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

