प्रयागराज में इग्नू अध्ययन केंद्र है इलाहाबाद डिग्री कॉलेज कीडगंज
प्रयागराज 17 जून (आरएनएस)। जुलाई-2026 सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ होने के साथ ही इग्नू एक बार फिर उच्च शिक्षा के द्वार उन सभी विद्यार्थियों के लिए खोल रहा है जो किसी भी कारण से नियमित शिक्षा प्रणाली का हिस्सा नहीं बन पाए हैं या अपनी शिक्षा को नई दिशा देना चाहते हैं।
इग्नू के विभिन्न अध्ययन केंद्रों पर स्नातक, परास्नातक, डिप्लोमा और प्रमाणपत्र स्तर के पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 15 जुलाई निर्धारित की गई है। प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होने के कारण विद्यार्थी देश के किसी भी हिस्से से सुविधापूर्वक आवेदन कर सकते हैं।
इग्नू अध्ययन केंद्र, इलाहाबाद डिग्री कॉलेज, कीडगंज, प्रयागराज के समन्वयक प्रो. आनंद कुमार का कहना है कि मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा प्रणाली आज उच्च शिक्षा के लोकतंत्रीकरण का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुकी है। इग्नू ने शिक्षा को उम्र, आर्थिक स्थिति और भौगोलिक सीमाओं से मुक्त करते हुए समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का कार्य किया है। यही कारण है कि नौकरीपेशा लोग, गृहिणियां, ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थी और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवा बड़ी संख्या में इग्नू की ओर आकर्षित हो रहे हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

