भोपाल 17 जून (आरएनएस)। शाहजहांनाबाद थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात तीन स्कूटी सवार बदमाशों ने एक कारोबारी को चाकू की नोक पर लूट लिया। बदमाश कारोबारी का बैग छीनकर फरार हो गए। बैग में करीब 2 लाख रुपए रखे हुए थे। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, दिलीप अर्थवानी (46) निवासी साईंकृपा अपार्टमेंट, ईदगाह हिल्स प्रभु नगर इलाके में दुकान चलाते हैं। मंगलवार रात रोजाना की तरह वह दुकान बंद कर एक्टिवा से घर लौट रहे थे। उनके पास एक बैग था, जिसमें दुकान के करीब 2 लाख रुपए रखे हुए थे।
जब वह रास्ते में पहुंचे, तभी स्कूटी पर सवार तीन बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। एक्टिवा रोकते ही बदमाशों ने उनकी गर्दन पर चाकू अड़ा दिया और बैग छीनने लगे। दिलीप ने विरोध किया तो बदमाशों ने उनके साथ मारपीट कर दी।घटना के बाद कारोबारी देर रात थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी जानकारी दी। पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। फिलहाल पुलिस बदमाशों की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों के अनुसार जल्द आरोपियों को पकडऩे के लिए टीमों को लगाया गया है।

