भोपाल 17 जून (आरएनएस)। मिसरोद थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को 26.599 किलो डोडा चूरा के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 1.25 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 16 जून की देर रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि आकृति एक्वा सिटी के पास दो युवक बैग में बड़ी मात्रा में डोडा चूरा लेकर खड़े हैं और उसे कहीं ले जाने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान मोहित कीर (24) निवासी ग्राम घाटपिपलिया, थाना सुल्तानपुर, जिला रायसेन और आर्यन कीर (19) निवासी ग्राम घाटपिपलिया, जिला रायसेन के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके बैग से कुल 26.599 किलो डोडा चूरा बरामद किया गया।
पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में थाना मिसरोद में अपराध क्रमांक 352/2026 के तहत धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी डोडा चूरा के संबंध में संतोषजनक जानकारी नहीं दे सके हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई किसे की जानी थी। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त संजय कुमार, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेन्द्र सिंह चौहान तथा जोन-2 के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी रतन सिंह परिहार के नेतृत्व में की गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

