भोपाल 17 जून (आरएनएस)। सूखीसेवनिया थाना क्षेत्र में भोपाल-इंदौर बाइपास पर हुए सड़क हादसे में एक किसान की मौत हो गई। कंटेनर की टक्कर से बाइक सवार किसान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसा उस समय हुआ जब वह सोमवती अमावस्या पर नर्मदा स्नान के लिए होशंगाबाद (नर्मदापुरम) जा रहे थे।
सूखीसेवनिया पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान हरीनारायण पिता गंगाराम गुर्जर (33) निवासी देवबरखेड़ी, बैरसिया रोड के रूप में हुई है। वह खेती करते थे। मंगलवार रात वह अपनी पल्सर बाइक से अकेले होशंगाबाद के लिए निकले थे। भोपाल-इंदौर बाइपास पर कंटेनर चालक ने ओवरटेक करने के दौरान बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में हरीनारायण गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। बुधवार को पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर कंटेनर चालक की तलाश और हादसे की जांच शुरू कर दी है।

