भोपाल 17 जून (आरएनएस)।महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती के मौके पर मंगलवार को मेवाड़ के गौरव वीर शिरोमणि समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें शिवाजी महाराज से चौराहे महाराणा प्रताप चौराहे तक जुलूस निकाला गया।
इसके बाद रक्तदान शिविर और सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें 50 से अधिक लोगों ने ब्लड डोनेट किया। कार्यक्रम का आयोजन जय मेवाड़ राजपूत समाज और श्री प्रताप सोशल वेलफेयर फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। आयोजन में समाज के युवा, बुजुर्ग, मातृशक्ति और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।
कार्यक्रम में युवा कल्याण और खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने शिरकत की। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप में वीरता के साथ संवेदनशीलता भी थी। उन्होंने हमेशा समाज को एकजुट करने का कार्य किया और सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का संदेश दिया।
श्री प्रताप सोशल वेलफेयर फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित रक्तदान शिविर कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा। शिविर में 50 से अधिक रक्तवीरों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। फाउंडेशन की ओर से सभी रक्तदाताओं का सम्मान भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान दिव्यांग सम्मान समारोह, प्रतिभावान छात्र सम्मान समारोह एवं समाज के होनहार युवाओं का सम्मान किया गया। आयोजन में महाराणा प्रताप लोक के अध्यक्ष केशव सिंह भदौरिया, हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा, पूर्व विधायक ध्रुव नारायण सिंह, मंत्री विश्वास सारंग, केदार सिंह मंडलोई सहित समाज के कई पदाधिकारी और सामाजिक बंधु उपस्थित रहे। अंत में ‘जय मेवाड़, जय भवानी, जय राजपूतानाÓ के जयघोष के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

