भोपाल 17 जून (आरएनएस)।अरेरा हिल्स थाना पुलिस ने बुधवार को ट्रैवल्स एजेंसियों के साथ मिलकर करोड़ों रुपए की गाडिय़ों की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है।पुलिस ने गिरोह के 6 सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 20 कारें बरामद की हैं। जिनकी कीमत करीब 3 करोड़ रुपए बताई जा रही है। आरोपियों ने किराये पर ली गई गाडिय़ों को अपना बताकर फर्जी तरीके से बेच दिया था।
पुलिस के मुताबिक 13 जून को विदिशा जिले के रहने वाले गौरव कुशवाह ने शिकायत की थी। उन्होंने बताया कि वे वर्तमान में भोपाल में रहते हैं। एक व्यक्ति शैलेष जोशी ने उनकी कार किराये पर ली थी। जिसे बाद में बिना अनुमति बेच दिया गया।
शिकायत के आधार पर अरेरा हिल्स थाने में धारा 316(2) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी शैलेष जोशी को अयोध्या बायपास क्षेत्र से पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर कारों को किराये पर लेने और बाद में बेचने की बात कबूल की।
पुलिस के अनुसार आरोपी ट्रेवल्स संचालकों और वाहन मालिकों को गाड़ी किराये पर चलाने का भरोसा दिलाकर लेते थे। इसके बाद खुद को वाहन मालिक बताकर लोगों से विक्रय अनुबंध तैयार कर गाडिय़ां बेच देते थे।आरोपियों की निशानदेही पर सीहोर और अन्य स्थानों से 20 कारें बरामद की गईं। पुलिस ने इस मामले में धोखाधड़ी, आपराधिक षड्यंत्र और आपराधिक न्यास भंग की धाराएं भी बढ़ाई हैं।
पुलिस ने शैलेष जोशी, वहीद अली, जयेंद्र जोशी उर्फ किट्टू, अरुण नाथ, राजा मीणा और रोहन खान को गिरफ्तार किया है। वहीं, विश्वजीत गौर सहित अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने इसी तरीके से 15 से 20 और गाडिय़ां बेचने की बात सामने आई है। उनकी तलाश और वाहनों की रिकवरी के लिए जांच जारी है।

