शिवपुरी 17 जून (आरएनएस)। जिले के खतौरा कस्बे में मंगलवार शाम क्षेत्र बंटवारे को लेकर दो किन्नरों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि विवाद के दौरान नेहा किन्नर और मुस्कान किन्नर के साथ मारपीट की गई, उनके कपड़े फाड़े गए और कैंची से बाल काट दिए गए। घटना का वीडियो बुधवार को सामने आया है, वहीं इस मामले में 8 पर केस दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, रन्नौद निवासी नेहा किन्नर अपनी साथी मुस्कान किन्नर, बेबी किन्नर, हसीना किन्नर और चालक देवेंद्र रजक के साथ खतौरा में एक मेडिकल दुकान के पास मौजूद थीं। इसी दौरान ईसागढ़ निवासी प्रिंसी किन्नर, आशी उर्फ आशू किन्नर, जोया किन्नर और तमन्ना किन्नर वहां पहुंचीं। क्षेत्र बंटवारे को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि कहासुनी बढऩे पर मुस्कान किन्नर को जमीन पर पटककर लात-घूंसों से पीटा गया। मारपीट में उनके सिर में चोट आई और खून बहने लगा। आरोपियों ने उनके बाल भी काट दिए। मुस्कान को बचाने पहुंचीं नेहा किन्नर के साथ भी मारपीट की गई और उनके बाल काट दिए गए।
घटना के बाद दोनों घायलों को बदरवास अस्पताल ले जाया गया। हालत को देखते हुए उन्हें शिवपुरी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मुस्कान किन्नर का उपचार फिलहाल मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
मारपीट की इस घटना से कुछ घंटे पहले रन्नौद निवासी भावना किन्नर ने कलेक्ट्रेट की जनसुनवाई में आवेदन देकर कुछ किन्नरों पर जान से मारने, मारपीट करने और झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया था। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की थी।
नेहा और मुस्कान किन्नर की गुरु जगत मां काजल ठाकुर ने घटना को साजिश बताया है। उनका आरोप है कि यह घटना अशोकनगर की चांदनी किन्नर के कहने पर कराई गई। काजल ठाकुर ने दावा किया कि उनके कुछ चेले मुस्लिम धर्म छोड़कर हिंदू धर्म अपना चुके हैं और उन पर दोबारा मुस्लिम धर्म अपनाने का दबाव बनाया जा रहा है।
इदार थाना प्रभारी विवेक यादव ने बताया कि नेहा किन्नर की शिकायत पर प्रिंसी किन्नर, आशी उर्फ आशू किन्नर, जोया किन्नर, तमन्ना किन्नर, भावना किन्नर, सकीना किन्नर, शिखा किन्नर और वैष्णवी किन्नर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

