नई दिल्ली,18 जून(आरएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी में हल्की बारिश से जितनी राहत न मिली उससे अधिक उमस और गर्मी से लोग परेशान हुए. यहां अधिकतम तापमना 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है, जबकि न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के करीब बना हुआ है. मौसम विभाग ने यह भी अनुमान लगाया है कि दोपहर में हल्की बारिश या आंधी-तूफान आने की संभावना है.
पर्यावरणविद् राजेश पॉल ने कहा कि शुरुआती सीजन में बहुत तेजी से आगे बढऩे के बाद मॉनसून कुछ समय के लिए ठहर गया है. दिल्ली एनसीआर में 27 जून को मॉनसून आने की नॉर्मल तारीख को लेकर संशय है. हालांकि अभी भी बहुत देर से आने का ऐलान करना जल्दबाजी होगी.
आने वाले हफ़्ते में बंगाल की खाड़ी का अगला लो-प्रेशर सिस्टम क्या बनेगा, यह काफी हद तक तय करेगा कि दिल्ली में मॉनसून समय पर आएगा या जुलाई की शुरुआत में आएगा. पॉल ने कहा कि उत्तर भारत के लिए अभी सबसे बड़ी चिंता मानसून के शुरू होने की तारीख नहीं है, बल्कि तब तक गर्मी और नमी का बना रहना है जब तक कि मानसून में सक्रिय न हो जाए.
कुछ इलाकों में रुक-रुक कर बारिश होने के बावजूद गर्मी और उमस बनी हुई है. लोगों को गर्मी और उमस से कोई राहत नहीं मिली है. बिहार, ओडिशा, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में उमस बनी रहने की उम्मीद है, और यह अगले तीन से चार दिनों तक रहेगी, जिससे लोगों के लिए मौसम खराब हो सकता है.
मौसम विभाग ने एक सप्ताह तक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में व्यापक वर्षा का अनुमान लगाया है. पश्चिमी राजस्थान, पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में अगले दो दिनों में गरज के साथ बारिश और तेज हवा चलेगी.
आईएमडी के अनुसार 17 से 22 जून के बीच बिहार, झारखंड और ओडिशा में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है. सब-हिमालयी पश्चिम बंगाल, बिहार और सिक्किम में मौसम में बड़े बदलाव की स्थिति देखने को मिल सकती है. इसमें भारी बारिश के साथ गरज और तेज हवा चलने का अनुमान है. 24 जून तक इन इलाकों में हवा की रफ़्तार 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तक पहुंच सकती है.
18 से 24 जून के दौरान अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बड़े पैमाने पर बारिश होने की संभावना है. इन इलाकों में इस हफ़्ते गरज के साथ बारिश और तेज़ हवाएं चलने की संभावना है.
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में 18 जून को बारिश जारी रहने की संभावना है और यह 24 जून तक जारी रहेगी. मौसम विभाग ने 18 जून से 21 जून तक पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में कहीं-कहीं बारिश, गरज के साथ बौछारें, बिजली कड़कने और तेज़ हवा का अनुमान लगाया है.
मौसम विभाग ने 18-24 जून के दौरान गुजरात, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में भारी बारिश का अनुमान लगाया है. 18 जून को कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा के कुछ हिस्सों में गरज के साथ बारिश और तेज़ हवाओं की उम्मीद है. इस बीच आईएमडी ने बड़े पैमाने पर अनुकूल मौसम संबंधी स्थितियों की कमी के कारण महाराष्ट्र में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढऩे में देरी पर एक प्रेस नोट जारी किया है.
देश के दक्षिणी हिस्से में तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और लक्षद्वीप में 24 जून तक बारिश जारी रहने की उम्मीद है. आईएमडी ने 18 जून को तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में भारी बारिश का भी अनुमान लगाया है. इन इलाकों में गरज के साथ बारिश और बिजली कड़कने और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार से तेज हवा चलने की उम्मीद है.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

