0-दो सीटों के लिए तीन उम्मीदवार मैदान में, एनडीए और इंडिया गठबंधन ने जताई जीत की उम्मीद; जयराम महतो के बयान से दिनभर बनी रही चर्चा
रांची ,18 जून(आरएनएस)। झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए गुरुवार को विधानसभा परिसर में शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न हो गया। सुबह 9 बजे शुरू हुई मतदान प्रक्रिया शाम 4 बजे तक चली, जिसमें विधानसभा के सभी 81 विधायकों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। शत-प्रतिशत मतदान के साथ चुनावी प्रक्रिया का पहला चरण पूरा हो गया है और अब सभी की निगाहें मतगणना पर टिकी हैं। इस बार राज्यसभा की दो सीटों के लिए तीन उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से बैजनाथ राम, कांग्रेस की ओर से प्रणव झा तथा एनडीए समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। तीन उम्मीदवारों के मैदान में होने के कारण चुनाव राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
सुबह से विधानसभा परिसर में रही राजनीतिक सरगर्मी
मतदान शुरू होने से पहले ही विधानसभा परिसर में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई थीं। विभिन्न दलों के विधायक अपनी-अपनी रणनीति के तहत विधानसभा पहुंचे और मतदान प्रक्रिया में हिस्सा लिया। सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। विधानसभा परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई थी ताकि मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
विधानसभा के सचिव एवं निर्वाचन अधिकारी रंजीत कुमार की निगरानी में मतदान प्रक्रिया संचालित की गई। मतदान केंद्र के बाहर पूरे दिन मीडिया कर्मियों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं की भीड़ लगी रही।
एनडीए ने जताया जीत का भरोसा
एनडीए खेमे के विधायक सबसे पहले मतदान के लिए विधानसभा पहुंचे। भाजपा, आजसू और जदयू के सभी विधायकों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। एनडीए समर्थित उम्मीदवार परिमल नाथवानी भी विधानसभा पहुंचे और अपनी जीत का दावा किया। मतदान के बाद भाजपा विधायक राज सिन्हा ने कहा कि एनडीए को अपने समर्थन और रणनीति पर पूरा भरोसा है। वहीं जदयू विधायक सरयू राय ने कहा कि उन्होंने पूरी जिम्मेदारी के साथ मतदान किया है। पूर्वी जमशेदपुर की विधायक पूर्णिमा साहू ने भी विश्वास जताया कि परिणाम एनडीए के पक्ष में आएगा।
इंडिया गठबंधन ने दिखाई एकजुटता
दूसरी ओर इंडिया गठबंधन ने भी मजबूती और एकजुटता का प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विधायक कल्पना सोरेन, झामुमो, कांग्रेस, राजद और भाकपा (माले) के विधायक एक साथ विधानसभा पहुंचे और मतदान किया।
गठबंधन नेताओं ने मतदान से पहले कई दौर की बैठकें कर विधायकों को मतदान प्रक्रिया और रणनीति की जानकारी दी थी। मतदान के दौरान सभी विधायकों ने तय रणनीति के अनुसार अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
जयराम महतो के बयान ने बढ़ाई उत्सुकता
डुमरी विधायक जयराम महतो मतदान के दौरान चर्चा के केंद्र में रहे। विधानसभा पहुंचने पर उन्होंने कहा कि वह काफी आत्ममंथन के बाद मतदान करने आए हैं और उम्मीद करते हैं कि जिसे भी उनका वोट मिलेगा, वह झारखंड के हित में काम करेगा। उनके इस बयान के बाद दिनभर राजनीतिक हलकों में अटकलों का दौर जारी रहा।
नवीन जायसवाल ने डाला पहला, सुदिव्य सोनू ने अंतिम वोट
राज्यसभा चुनाव में भाजपा विधायक नवीन जायसवाल ने सबसे पहला वोट डाला, जबकि झामुमो विधायक सुदिव्य कुमार सोनू ने अंतिम मतदान किया। इस तरह सभी 81 विधायकों ने मतदान कर शत-प्रतिशत मतदान का रिकॉर्ड दर्ज किया।
विधायक जयराम महतो विधानसभा पहुंचने पर उन्होंने कहा कि वह काफी आत्ममंथन के बाद मतदान करने आए हैं और उम्मीद करते हैं कि जिसे भी उनका वोट मिलेगा, वह झारखंड के हित में काम करेगा। उनके इस बयान के बाद दिनभर राजनीतिक हलकों में अटकलों का दौर जारी रहा।
अब मतगणना पर सबकी नजर
मतदान समाप्त होने के बाद अब सभी की नजरें मतगणना पर टिकी हैं। निर्वाचन आयोग की अनुमति के बाद शाम 5 बजे से मतों की गिनती शुरू होगी। विधानसभा का गणित भले ही इंडिया गठबंधन के पक्ष में दिखाई देता हो, लेकिन तीन उम्मीदवारों की मौजूदगी ने मुकाबले को रोचक बना दिया है। राजनीतिक दलों के दावों और रणनीतियों की असली परीक्षा अब मतगणना में होगी। कुछ ही घंटों में यह स्पष्ट हो जाएगा कि राज्यसभा की दोनों सीटों पर जीत किसके खाते में जाती है और क्या चुनाव में कोई बड़ा राजनीतिक उलटफेर देखने को मिलता है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

