शिकायत निस्तारण में लापरवाही पर दिए सख्त निर्देश
लोधेश्वर महादेवा कॉरिडोर की धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी
बाराबंकी 18 जून (आरएनएस)। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने गुरुवार को रामनगर तहसील का औचक निरीक्षण कर राजस्व एवं प्रशासनिक कार्यों की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तहसील परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों, न्यायालयों, अभिलेखागार और जनसुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि तहसील में आने वाले प्रत्येक नागरिक की शिकायतों और समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि आमजन के प्रति संवेदनशील, सहयोगात्मक और सम्मानजनक व्यवहार प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और प्रत्येक शिकायत का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान डीएम ईशान प्रताप सिंह ने जनता दर्शन और आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि भी सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने लंबित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने तथा शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन ही जनता का विश्वास मजबूत कर सकता है। जिलाधिकारी ने तहसीलदार न्यायालय सहित अन्य राजस्व न्यायालयों में लंबित वादों की समीक्षा की। उन्होंने पूर्व में पारित आदेशों से संबंधित पत्रावलियां औचक रूप से निकलवाकर उनका परीक्षण किया तथा संबंधित खतौनियां मंगवाकर आदेशों के अनुपालन और अमलदरामद की स्थिति की जांच की। उन्होंने निर्देश दिए कि न्यायालयों द्वारा पारित आदेशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा लंबित राजस्व वादों के निस्तारण में तेजी लाई जाए। साथ ही राजस्व अभिलेखों के नियमित अद्यतन और रिकॉर्ड के सुव्यवस्थित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा। तहसील निरीक्षण से पूर्व जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन लोधेश्वर महादेवा कॉरिडोर का भी स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य अपेक्षित गति से न मिलने पर उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्था और अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताई। डीएम ने निर्देश दिए कि परियोजना से जुड़े सभी कार्यों में तेजी लाई जाए और नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से निर्माण कार्यों की प्रगति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि लोधेश्वर महादेवा धाम बाराबंकी जनपद का प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थल है। ऐसे में कॉरिडोर निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) निरंकार सिंह, उपजिलाधिकारी रामनगर आनंद तिवारी, तहसीलदार विपुल कुमार सिंह, नायब तहसीलदार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करने तथा जनता की समस्याओं के समाधान में पूरी संवेदनशीलता और जवाबदेही बरतने के निर्देश दिए।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

