नारायणपुर 19 जून (आरएनएस) कानून-व्यवस्था बिगड़ने से पहले ही हालात पर काबू पाने की तैयारी अब और मजबूत हो गई है। नारायणपुर पुलिस ने शुक्रवार को पुलिस लाइन परिसर में सामान्य परेड, रायट ड्रिल और त्वरित प्रतिक्रिया अभ्यास के जरिए अपने जवानों की क्षमता, अनुशासन और युद्धस्तर की तैयारी का प्रदर्शन किया।
जिला पुलिस लाइन में आयोजित सामान्य परेड में पुलिस अधीक्षक ने सलामी ग्रहण कर परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान जिले के विभिन्न थाना, चौकी, पुलिस लाइन एवं अन्य इकाइयों के अधिकारी और जवान शामिल हुए। निरीक्षण के दौरान जवानों के टर्नआउट, अनुशासन, शारीरिक दक्षता, वर्दी की सुसज्जा और परेड संचालन की गुणवत्ता का बारीकी से अवलोकन किया गया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
परेड के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में बलवा (रायट) ड्रिल, दंगा नियंत्रण और त्वरित प्रतिक्रिया का विशेष अभ्यास कराया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य किसी भी चुनौतीपूर्ण कानून-व्यवस्था की स्थिति में पुलिस बल की कार्यकुशलता, समन्वय और त्वरित कार्रवाई की क्षमता को और अधिक मजबूत बनाना रहा।
अभ्यास के दौरान जवानों को भीड़ नियंत्रण, उपद्रवी तत्वों की पहचान व गिरफ्तारी, संवेदनशील क्षेत्रों की घेराबंदी, सुरक्षा घेरा बनाकर आगे बढ़ने तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए स्थिति को नियंत्रित करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर, शील्ड, लाठी और अन्य दंगा निरोधक उपकरणों के प्रभावी उपयोग का भी अभ्यास कराया गया।
काल्पनिक परिस्थितियां बनाकर सेक्शन और प्लाटून स्तर पर समन्वित कार्रवाई, त्वरित बल गठन, वायरलेस संचार व्यवस्था और आकस्मिक हालात में शीघ्र निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों और जवानों से कहा कि शारीरिक फिटनेस, मानसिक सतर्कता और नियमित प्रशिक्षण ही किसी भी चुनौती का सबसे प्रभावी जवाब है।
बहरहाल, नारायणपुर पुलिस का यह अभ्यास साफ संदेश देता है कि आमजन की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला पुलिस हर परिस्थिति से निपटने को पूरी तरह प्रशिक्षित और तैयार है।








