सिरसा 19 जून (आरएनएस)।रानियां थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुखबीर सिंह ने स्थानीय पार्षदों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर क्षेत्र में बढ़ती नशे की समस्या पर चर्चा की। बैठक में नशे को जड़ से समाप्त करने के लिए जनसहयोग और पुलिस-प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया गया। थाना प्रभारी सुखबीर सिंह ने कहा कि नशा आज समाज के लिए एक गंभीर चिंता का विषय बन चुका है। इसकी वजह से युवा पीढ़ी गलत राह पर जा रही है और परिवारों का भविष्य भी प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि यदि हमें नशा मुक्त और स्वस्थ समाज का निर्माण करना है तो केवल पुलिस के भरोसे काम नहीं चलेगा, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने उपस्थित पार्षदों से अपील करते हुए कहा कि अपने-अपने वार्डों और क्षेत्रों में सतर्क निगरानी रखें। यदि कोई व्यक्ति नशा करता हुआ या नशे के कारोबार एवं अन्य संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त दिखाई देता है तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस प्रशासन को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। सुखबीर सिंह ने कहा कि पुलिस नशा तस्करों और नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। ऐसे तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।बैठक में मौजूद पार्षदों ने भी नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया और क्षेत्र को नशा मुक्त बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया ।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

