बलौदा बाजार, 19 जून (आरएनएस)। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की मौत हो गई। बाजार में सब्जी खरीदने पहुंची महिला के ऊपर अचानक बिजली का खंभा गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी और शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान पूर्णिमा वर्मा के रूप में हुई है, जो आंगनबाड़ी कार्यकर्ता थीं। बताया जा रहा है कि वह बाजार में सब्जी खरीदने गई थीं। इसी दौरान अचानक बिजली का खंभा उनके ऊपर गिर पड़ा। खंभे की चपेट में आने से उनके सिर में गंभीर चोट आई और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना स्थल के पास पेड़ कटाई का कार्य चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी दौरान बिजली का खंभा असंतुलित होकर गिर गया और उसकी चपेट में आने से महिला की जान चली गई।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस दर्दनाक घटना ने बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और कार्यों के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

