बालाघाट 19 जून (आरएनएस)।पूर्व सांसद कंकर मुंजारे के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को आहत करने का मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई राजाभोज पर उनकी टिप्पणी के बाद पंवार समाज के विरोध प्रदर्शन के बाद हुई। विवाद गर्रा ओवरब्रिज के नामकरण से जुड़ा है, जिसका उद्घाटन 13 जून को हुआ था।
सीएसपी मयंक तिवारी ने बताया कि पंवार समाज के जिलाध्यक्ष विशाल बिसेन की शिकायत पर पूर्व सांसद मुंजारे के खिलाफ धारा 299 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। यह विवाद गर्रा ओवरब्रिज का नाम पंवार समाज के आराध्य राजाभोज के नाम पर रखे जाने के बाद शुरू हुआ।
इसके बाद सोशल मीडिया पर इसका विरोध होने लगा। इसी दौरान पूर्व सांसद कंकर मुंजारे ने ओवरब्रिज के निरीक्षण के दौरान राजाभोज के नामकरण पर टिप्पणी करते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया था।
इस मामले में अब अवंतीबाई लोधी सेना भी सामने आ गई है। सेना के जिलाध्यक्ष सहेजलाल उपवंशी ने पंवार समाज के प्रदर्शन को प्रायोजित बताया है। उन्होंने इसे लोधी समाज का अपमान करार देते हुए इस मुद्दे पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
जिले में दो समाजों के बीच मौखिक और सोशल मीडिया पर चल रही यह बहस अब संघर्ष की स्थिति पैदा कर रही है। इससे आने वाले समय में तनाव बढऩे की आशंका है।

