मेरठ ,20 जून(आरएनएस)। आज जिलाधिकारी डा0 वी0के0 सिंह द्वारा नीर आदर्श जैविक कृषक उत्पादक संगठन कुशावली, सरधना के चिराग कृषि फार्म का भ्रमण किया गया। फार्म पर कृषक उत्पादक संगठन के कृषकों द्वारा की जाने वाली गन्ना सहफसली खेती, जैविक खेती, वर्मी कंपोस्ट यूनिट, सीड प्रोसेसिंग प्लांट तथा एग्रीकल्चर इनपुट सेंटर और फॉर्म मशीनरी बैंक का प्रदर्शन देखा गया।
कृषक उत्पादक संगठन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री विनोद कुमार सैनी द्वारा बताया गया कि उनके एफपीओ में 813 सदस्य हैं जिनके द्वारा लगभग 30 से 40 हेक्टर क्षेत्रफल में जैविक खेती की जाती है। फार्म पर प्राकृतिक खेती हेतु जीवामृत, वीजामृत, घनजीवा मृत औऱ नीमअस्त्र की यूनिट भी लगाई हुई हैं। जिलाधिकारी द्वारा सुझाव दिया गया कि फार्म पर एग्रो टूरिज्म से संबंधित वातावरण उपलब्ध है, आवश्यक सुविधाओं को उपलब्ध कराकर इसकी शुरुआत की जानी चाहिए। एफ.पी.ओ. के निदेशक श्री विनय सैनी द्वारा बताया गया कि वर्तमान में कृषक उत्पादक संगठन का वार्षिक टर्नओवर 1.15 करोड़ रूपए हैं।
इस अवसर पर सीडीओ नूपुर गोयल, एसडीएम सरधना उदित नारायण सेंगर, उप निदेशक कृषि नीलेश चौरसिया, जिला कृषि अधिकारी राजीव कुमार, एफ.पी.ओ. निदेशक श्री विनय सैनी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

