मेरठ,20 जून(आरएनएस)। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद आखिरकार शनिवार को आवास विकास परिषद की टीम ने शास्त्रीनगर में अवैध निर्माणों के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी। भारी फोर्स की मौजूदगी में बुलडोजरों से कई भवनों के अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया। इस दौरान कई जगह विरोध और जमकर हंगामा हुआ। अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई अभी जारी रहेगी।
शनिवार की सुबह ही आवास विकास परिषद कार्यालय के बाहर बुलडोजरों का जमावड़ा लग गया। भारी मात्रा में पुलिस बल और आरआरएफ आवास विकास के ऑफिस पर पहुंच गए। जिसकी जानकारी मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आवास विकास परिषद के अधिशासी अभियंता अभिषेक राज के नेतृत्व में शनिवार की सुबह आरटीओ रोड और फैसल मस्जिद वाली रोड पर सेक्टर नौ में अभियान चलाया गया। इस दौरान कई भवनों में सेटबैक के लिए अवैध निर्माणों को तोड़ा गया। कार्रवाई के दौरान आवास विकास की टीम को कई स्थानों पर विरोध का सामना करना पड़ा।
कुछ लोगों ने आवास विकास की कार्रवाई को एक तरफा बताते हुए हंगामा भी किया। मगर, फोर्स की मौजूदगी के चलते किसी की एक न चली। आवास विकास के अधिकारियों ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुपालन में की जा रही कार्रवाई अभी जारी रहेगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

