लंदन,21 जून। ब्रिटेन में एक बार फिर सियासी उठापटक सामने आ रही है। एक रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर 22 जून को अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि कैबिनेट मंत्रियों, सलाहकारों, दानदाताओं और ट्रेड यूनियन नेताओं से बातचीत के बाद स्टार्मर इस निष्कर्ष पर पहुंचे हैं कि प्रधानमंत्री के रूप में उनका पद पर बने रहना अब संभव नहीं है।
रिपोर्ट के मुताबिक, स्टार्मर पद छोडऩे के साथ ही संभावित नेतृत्व परिवर्तन को लेकर टाइमलाइन भी घोषित कर सकते हैं। ये भी कहा गया है कि स्टार्मर की लेबर पार्टी के 100 से ज्यादा सांसद उनसे पद छोडऩे की मांग कर रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार, स्टार्मर आखिरी फैसला लेने से पहले चेकर स्थित अपने आवास पर पत्नी के साथ चर्चा कर रहे थे। 22 जून तक उनके भविष्य को लेकर अंतिम फैसला मिलने की उम्मीद है।
वहीं, एक सरकारी सूत्र ने इस अटकल को खारिज करते हुए कहा कि स्टार्मर अभी भी शासन चलाने और प्रधानमंत्री के रूप में अपना काम जारी रखने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।
एक सरकारी सूत्र ने कहा कि स्टार्मर अभी भी शासन चलाने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं और उन्होंने पहले के उन बयानों का हवाला दिया जिनमें प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा था कि वह देश का नेतृत्व करना जारी रखेंगे।
ग्रेटर मैनचेस्टर के मेयर एंडी बर्नहैम को अगले प्रधानमंत्री के लिए एक प्रमुख दावेदार के रूप में देखा जा रहा है। संसदीय सीट जीतने के बाद अपने विजय भाषण में उन्होंने देश के लिए एक नए रास्ते का वादा किया, हालांकि उन्होंने औपचारिक रूप से स्टार्मर को चुनौती नहीं दी। हाल ही में बर्नहैम ने संसदीय चुनाव में जीत दर्ज की है। पूर्व स्वास्थ्य मंत्री वेस स्ट्रीटिंग ने भी नेतृत्व की दौड़ में शामिल होने की इच्छा जताई है।
अगर स्टार्मर इस्तीफा देते हैं, तो ब्रिटेन को लगभग एक दशक में 7वां नया प्रधानमंत्री मिलेगा, जो राजनीतिक अस्थिरता के दौर को दर्शाता है। स्टार्मर की लेबर पार्टी ने 2024 के चुनाव में भारी बहुमत से जीत दर्ज की थी। हालांकि, विवादों और नीतिगत उलटफेरों की श्रृंखला के बाद उनकी लोकप्रियता में तेजी से गिरावट आई है। अवैध अप्रवासन और महंगाई जैसे मुद्दों ने स्टार्मर के लिए परेशानियां खड़ी की हैं।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

