घाटमपुर ओवरब्रिज में दरारों और जल जीवन मिशन में अनियमितताओं को लेकर भाजपा सरकार पर साधा निशाना
लखनऊ 21 जून (आरएनएस )। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा है कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार के सभी पुराने रिकॉर्ड टूट चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास कार्यों की गुणवत्ता पर लगातार सवाल उठ रहे हैं और आए दिन निर्माण कार्यों में खामियां सामने आ रही हैं।अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में कहीं पानी की टंकियां टूट रही हैं, कहीं पुलों और अन्य निर्माणाधीन परियोजनाओं में तकनीकी खामियां सामने आ रही हैं। उनका आरोप है कि कमीशनखोरी और बजट की बंदरबांट के कारण विकास कार्य निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप नहीं हो पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता के पैसे से बनने वाली परियोजनाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही का अभाव दिखाई दे रहा है।पूर्व मुख्यमंत्री ने कानपुर के घाटमपुर क्षेत्र में चार वर्ष पूर्व निर्मित ओवरब्रिज में दरारें आने की खबर का उल्लेख करते हुए कहा कि यह विकास कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में विभिन्न निर्माण परियोजनाओं में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुई हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।उन्होंने जल जीवन मिशन का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश के कई जिलों में पानी की टंकियां क्षतिग्रस्त होने और पाइपलाइन फटने की घटनाएं सामने आई हैं। उनका कहना था कि हजारों करोड़ रुपये खर्च किए जाने के बावजूद कई क्षेत्रों में लोगों को अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल सकी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस योजना के क्रियान्वयन में गंभीर खामियां रही हैं।अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार में भ्रष्टाचार भी “डबल” हो गया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो पानी की टंकियां टूट रही हैं, वे दरअसल भ्रष्टाचार का बोझ नहीं झेल पा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता किया जाएगा तो ऐसी घटनाएं आगे भी सामने आती रहेंगी।सपा प्रमुख ने कहा कि प्रदेश का कोई भी विभाग भ्रष्टाचार के आरोपों से अछूता नहीं दिखाई दे रहा है। उन्होंने दावा किया कि कमीशनखोरी और कालाबाजारी के कारण महंगाई भी बढ़ी है, जिससे आम जनता प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि जनता सरकार के कामकाज और विकास परियोजनाओं की वास्तविक स्थिति को देख रही है।
अखिलेश यादव ने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता इन मुद्दों पर अपना निर्णय देगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी जनता के मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और विकास कार्यों में पारदर्शिता तथा जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग करती रहेगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

