हल्द्वानी 21 जून (आरएनएस)। निर्माणाधीन नवीन मंडी चौराहे को भविष्य की यातायात आवश्यकताओं के अनुरूप और अधिक चौड़ा किए जाने की मांग उठी है। प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष नवीन वर्मा ने कहा कि मंडी क्षेत्र में बढ़ते वाहनों के दबाव और भारी यातायात को देखते हुए वर्तमान प्रस्तावित चौड़ाई पर्याप्त नहीं होगी। नवीन वर्मा ने कार्यदायी संस्था के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चौराहे और सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में मंडी में आने-जाने वाले वाहनों की संख्या बढऩे के साथ ही इंदिरा नगर मार्ग पर भी भारी वाहनों का दबाव बढ़ेगा।
लोगों से बातचीत… यह मार्ग पिथौरागढ़, टनकपुर, सितारगंज और सिडकुल को जोडऩे वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। उन्होंने विशेष रूप से इंदिरा नगर की ओर जाने वाले टर्निंग पॉइंट को अधिक चौड़ा करने की आवश्यकता बताई, ताकि भविष्य में यातायात बाधित न हो। उनका कहना है कि यदि गौलापार क्षेत्र में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय बस अड्डे का निर्माण होता है तो बसों की आवाजाही भी इसी मार्ग से होगी, जिससे ट्रैफिक का दबाव और बढ़ जाएगा। नवीन वर्मा ने इस संबंध में जिलाधिकारी नैनीताल से भी वार्ता की। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी ने चौराहे के चौड़ीकरण के लिए अतिरिक्त स्थान उपलब्ध कराने की संभावनाओं पर विचार करने का आश्वासन दिया है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

