0 मलबे में दबा 28 वर्षीय युवक
राजनांदगांव, 22 जून (आरएनएस)। जिले के घुमका क्षेत्र में एक पुराने मकान को तोडऩे के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। मकान का छज्जा अचानक भरभराकर गिरने से मलबे में दबकर एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान अमर यादव (28 वर्ष) निवासी चंडी चौक, घुमका के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, अमर यादव बिल्डिंग कॉन्ट्रैक्टर समारू वर्मा की टीम में मजदूरी करता था। रविवार सुबह करीब 7 बजे वह घुमका निवासी अशोक साहू के पुराने पक्के मकान को तोडऩे का काम कर रहा था। इसी दौरान जब वह मकान के छज्जे को तोड़ रहा था, तभी छज्जा अचानक ढह गया।
छज्जा गिरने से अमर का संतुलन बिगड़ गया और वह करीब 10 फीट नीचे मलबे के साथ गिर पड़ा। भारी मलबे के नीचे दबने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग और ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे तथा काफी मशक्कत के बाद उसे मलबे से बाहर निकाला।
गंभीर हालत में अमर यादव को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुमका ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही घुमका पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया है।
बताया जा रहा है कि अमर यादव अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था और पूरे परिवार की जिम्मेदारी उसी पर थी। उसकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

