लखनऊ,22 जून(आरएनएस)। राजधानी के अलीगंज इलाके में तीसरे तल पर स्थित एक गेमिंग जोन और सॉफ्टवेयर ऑफिस में सोमवार दोपहर भीषण आग लग गई. इस घटना में अभी तक 12 लोगों की मौत की खबर है, जबकि कई लोग घायल हैं. आग इतनी भीषण थी कि कई लोग बिल्डिंग से नीचे कूद गए. इसके लिए लटक रहे तार को जरिया बनाया. मृतकों की संख्या बढऩे की भी आशंका है.
अग्निकांड की भयावहता को देखते हुए मौके पर मौके पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, एसीएस होम संजय प्रसाद , डीजीपी राजीव कृष्ण , डीजी फ़ायर सुजीत पांडेय, सीपी लखनऊ , डीएम लखनऊ आदि पहुंच गए. सिविल अस्पताल की चार सदस्यीय टीम को घटनास्थल पर भेजा गया है. साथ ही तीन एंबुलेंस भी मौके पर भेजी गई हैं. सिविल अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में बेड संख्या 23 से 30 तक खाली करा लिए गए हैं. डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के मुताबिक, 12 से 14 लोगों की मौतों की आशंका है.
निजी संस्थान का यह ऑफिस अलीगंज में पेट शॉप के ऊपर है. बतात हैं कि सबसे पहले तीसरी मंजिल पर आग लगी. देखते ही देखते आग फैल गई और ऑफिस को चपेट में ले लिया. बताया जा रहा है कि उस वक्त ऑफिस में 30 से भी ज्यादा लोग मौजूद थे. आग लगते ही अफरातफरी मच गई. बिल्डिंग में काम करने वाले और अन्य लोग जान बचाने के लिए भागने लगे. कोई रास्ता नहीं मिला तो बगल से गुजर रहे तार से लटककर नीचे कूदने लगे. इसमें दो लोगों को चोटें आई हैं, जिसमें एक युवती भी शामिल है. बाद में 12 लोगों की मौत की पुष्टि हुई.
आग तेजी से फैली और लोगों को बचाव का कोई रास्ता नहीं दिखा. करीब आधे घंटे थक फायर ब्रिगेड भी नहीं पहुंच सकी थी. आशंका जताई गई कि आग से घिरी बिल्डिंग में कई लोग फंसे हैं. मौके पर फायर ब्रिगेड की गाडिय़ां आग बुझाने में जुट गईं, लेकिन आग की भयावहता कम होने में काफी समय लगा. करीब 4 घंटे बाद भी बिल्डिंग सुलगती रही.
घटना की भयावहता को देखते हुए सीएम योगी ने अलीगढ़ का दौरा छोड़कर लखनऊ रवाना हो गए हैं. अलीगढ़ में मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरी हार्दिक इच्छा थी कि आज मैं अलीगढ़ में रहूं, लेकिन मुझे दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि अभी-अभी मुझे जानकारी मिली है लखनऊ में एक अग्निकांड की दुखद घटना हुई है. उसकी चपेट में कुछ बच्चे आये हैं, उनकी दुखद मौत हुई है. इसलिए मुझे तत्काल वापस जाना पड़ रहा है, जिन्होंने जान खोई उनके परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं.
इस पूरे मामले के लिए पुलिस महानिदेशक व अपर मुख्य सचिव गृह को भी कहा है कि मौके पर जाकर इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करें. मैं स्वयं भी वहां प्रस्थान कर रहा हूं, जिससे इस पूरे मामले की तह में जाकर दोषियों को सजा भी दे सकें. उन पीडि़त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना भी व्यक्त कर सकें.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री ने दिए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि तत्काल मौके पर पहुंचें. साथ ही राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने व घायलों को उचित उपचार उपलब्ध कराने के लिए कहा है. सीएम ने प्रशासन को हर स्तर पर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं.
इधर, आग बुझाने में दमकल का गाडिय़ां लगी हैं. बिल्डिंग में कितने लोग अब भी फंसे हैं, यह स्पष्ट नहीं है. पहले आशंका जताई गई थी कि 6 से 7 लोग अंदर फंसे हैं. हालांकि, बाद में यह संख्या बढऩे लगी. आग लगने की घटना के लखनऊ विकास प्राधिकरण ने भी बिल्डिंग की जांच शुरू कर दी है. बिल्डिंग में कॉमर्शियल गतिविधि की परमिशन थी कि नहीं, आग लगने का कारण क्या रहा? इन बिंदुओं की जांच की जा रही है. इसके साथ ही आग से नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

