0-देश से बाहर जाने की फिराक में थी
जयपुर,22 जून(आरएनएस)। राजधानी जयपुर पर मंडरा रहे आतंकी साए का खुलासा करते हुए राजस्थान एंटी टेरेरिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) ने एक महिला को गिरफ्तार किया है. वह आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के एक हैंडलर से जुड़ी है और आतंकी संगठन की स्लीपर सेल के तौर पर काम कर रही थी. उसके कई अन्य संगठनों से भी तार जुड़े होने की बात सामने आई है. वह मूलत: सवाई माधोपुर की रहने वाली है और फिलहाल, जयपुर के पास वाटिका में रह रही थी. वह काफी हद तक कट्टरपंथ से प्रभावित हो गई और इनसे सक्रिय तौर पर जुडऩे के लिए देश से बाहर जाने की फिराक में थी. उसे मिलिट्री इंटेलिजेंस की सूचना पर एटीएस ने गिरफ्तार कर लिया है. एटीएस के एसपी मनीष त्रिपाठी ने बताया, सवाई माधोपुर की रहने वाली बबिता धाकड़ को गिरफ्तार किया गया है. वह वाटिका इलाके में अपने रिटायर्ड पिता के साथ रहती है.
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि बबिता ने ऑनलाइन कलमा पढ़कर धर्म परिवर्तन किया था. इसके बाद उसका नाम खदीजा रखा गया. पड़ताल में यह भी सामने आया है कि वह सोशल मीडिया के जरिए जैश-ए-मोहम्मद के हैंडलर के संपर्क में थी. अन्य कई प्रतिबंधित संगठनों से भी उसके तार जुड़े हैं. अब इस मामले में एटीएस सहित अन्य सुरक्षा और जांच एजेंसियां गहराई से पड़ताल में जुटी हैं. अब एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि उसके साथ इस नेटवर्क में और कौन लोग शामिल हैं?. महिला की बहुत पहले शादी हुई थी, जो टूट चुकी है. वह अपने रिटायर्ड पिता के साथ अकेली रहती है.
उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया और धरातल पर निगरानी के दौरान तीन चार महीने से बबीता पर नजर रखी जा रही थी. उसे गिरफ्तार कर 27 जून तक रिमांड पर लिया गया है. वह वाटिका इलाके में रहती है. यह देशविरोधी गतिविधियों में शामिल संगठन से जुड़ी है. उसके मोबाइल से काफी संवेदनशील जानकारी मिली हैं. इनमें कई पाकिस्तानी नंबर भी शामिल हैं. वह वॉट्सएप और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्म के जरिए हैंडलर से संपर्क में थी. महिला के मोबाइल से काफी डेटा डिलीट किया गया है, जिसे रिकवर किया जा रहा है.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

