जांजगीर-चांपा, 22 जून (आरएनएस)। थाना मुलमुला क्षेत्र में फल्ली बेचकर लौट रहे एक युवक से मोबाइल, नकदी और बाइक की चाबी लूटने के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो युवकों और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकडऩे में सफलता हासिल की है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी अजय कुमार बारले निवासी बिसनपुर, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़, 20 जून को अपनी टीवीएस एक्सएल मोटरसाइकिल से फल्ली बेचकर ग्राम जेवरा से बोरसी की ओर लौट रहा था। रास्ते में उसकी बाइक खराब हो गई, जिसके कारण वह उसे ढकेलते हुए आगे बढ़ रहा था।
इसी दौरान शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच नहर किनारे एक पेड़ के पास मोटरसाइकिल सवार तीन युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि एक युवक ने उसका हाथ पकड़ लिया, दूसरे ने उसकी जेब से मोबाइल फोन निकाल लिया और तीसरे ने पैंट की पिछली जेब में रखे 8 हजार रुपये लूट लिए। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट भी की और बाइक की चाबी छीनकर फरार हो गए।
साइबर तकनीक और मुखबिर सूचना से मिले आरोपी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में थाना मुलमुला पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस ने मुखबिर तंत्र और साइबर तकनीक की मदद से आरोपियों की पहचान की। जांच के दौरान यह पता चला कि घटना के समय आरोपी एक-दूसरे का नाम लेकर बातचीत कर रहे थे, जिससे पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिला।
पुलिस ने ग्राम जेवरा निवासी प्राणनाथ केंवट उर्फ गुनवा (23 वर्ष) और राजविंद उर्फ आर्यन यादव (18 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया।
लूट की रकम और बाइक की चाबी बरामद
आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में बची हुई 1500 रुपये नकदी, पीडि़त की बाइक की चाबी तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, लूटा गया मोबाइल फोन आरोपियों ने लीलागर नदी में फेंक दिया था। पुलिस ने मोबाइल की तलाश की, लेकिन वह बरामद नहीं हो सका।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। वहीं मामले में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक के संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
मामले के त्वरित खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक पारस पटेल, सउनि फुलेश्वर सिंह सिदार, प्रमोद कुमार महार, प्रधान आरक्षक बलबीर सिंह सहित थाना मुलमुला पुलिस और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने कहा है कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
0

