रामानुजगंज, 22 जून (आरएनएस)। रामचंद्रपुर विकासखंड के ग्राम भवरमाल स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ने विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन के लिए एक अनूठी पहल की है। विद्यालय परिसर की दीवारों पर वर्ष 2004 से लेकर बीते शैक्षणिक सत्र तक कक्षा 10वीं एवं 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के नाम सुनहरे अक्षरों में अंकित किए गए हैं। विद्यालय की इस पहल से विद्यार्थियों में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ी है तथा बेहतर प्रदर्शन की प्रेरणा मिल रही है।

विद्यालय प्रशासन द्वारा संस्था के गौरव और सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं की सूची तैयार कर उनके नाम विद्यालय की दीवारों पर अंकित किए गए हैं। इससे वर्तमान छात्र-छात्राएं भी बेहतर परिणाम लाने के लिए प्रेरित हो रहे हैं।
विद्यालय के शिक्षक संजय केसरी ने बताया कि तत्कालीन प्राचार्य रविंद्र कुमार गुप्ता की पहल तथा शिक्षकों की सहमति से यह कार्य प्रारंभ किया गया था। इसका सकारात्मक परिणाम देखने को मिला है। विद्यार्थी अपने नाम को विद्यालय की दीवारों पर देखकर उत्साहित होते हैं और पढ़ाई के प्रति उनका मनोबल बढ़ता है।
वर्तमान में विद्यालय में कक्षा 9वीं से 12वीं तक लगभग 310 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। विद्यालय में विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के लिए ओपन जिम की सुविधा उपलब्ध है तथा पर्याप्त खेल मैदान और भवन भी मौजूद हैं। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के कारण यह विद्यालय क्षेत्र में अपनी अलग पहचान रखता है।
हालांकि विद्यालय में पिछले चार वर्षों से हिंदी व्याख्याता का पद रिक्त है, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। विद्यालय के वर्तमान प्राचार्य सुनील ठाकुर ने कहा कि उपलब्ध संसाधनों में विद्यार्थियों को बेहतर से बेहतर शिक्षा प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है तथा शिक्षक पूरी निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
विद्यालय की यह पहल न केवल मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर रही है, बल्कि आने वाली पीढ़ी को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित कर रही है।
0

