सिरसा 22 जून (आरएनएस)। राजनीति केवल सत्ता प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज की समस्याओं को समझकर उनके समाधान और मजबूत राजनीतिक का आधार है। जिस समाज की राजनीतिक भागीदारी मजबूत होती है, उसकी आवाज भी उतनी ही अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचती है। ये बात अग्रवाल वैश्य समाज के प्रदेश अध्यक्ष अशोक बुवानीवाला ने आज स्थानीय महाराजा अग्रसेन वैश्य भवन करनाल में आयोजित अग्रवाल वैश्य समाज की युवा इकाई के पद ग्रहण समारोह में समाज के युवाओं को राजनीति एवं संगठन निर्माण के गुर सिखाते हुए कही। दीप प्रज्जवलन के साथ आयोजित हुए इस कार्यक्रम में प्रदेश के कोने-कोने से पहुंचे सैकड़ों पदाधिकारियों ने संगठन ओर समाज के प्रति अपने कर्तव्यों की शपथ ग्रहण की। तत्पश्चात प्रदेश अध्यक्ष अशोक बुवानीवाला ने कहा कि राजनीति में समाज की विशेषकर युवाओं की भूमिका सबसे अधिक महत्वपूर्ण है। युवा समाज की ऊर्जा, सोच और नई दिशा का प्रतीक होते हैं। यदि युवा राजनीति से जुडकऱ सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ते हैं तो वे न केवल अपने समाज का प्रतिनिधित्व मजबूत कर सकते हैं, बल्कि समाज के हितों की रक्षा में अपना अहम योगदान दे सकते हैं। युवाओं को केवल मतदान तक सीमित न रहकर संगठन निर्माण, सामाजिक मुद्दों पर सक्रिय भागीदारी और नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालने के लिए आगे आना चाहिए। युवा प्रभारी नवदीप बंसल ने अपना संबोधन देते हुए कहा कि प्रत्येक पदाधिकारी को अपनी जिम्मेदारी को सेवा भाव के साथ निभाना चाहिए और संगठन के उद्देश्य को अपना व्यक्तिगत लक्ष्य मानकर कार्य करना चाहिए। युवा प्रदेश अध्यक्ष हिमांशु गोयल ने कहा कि युवा इकाई का विस्तार युद्ध स्तर पर किया जा रहा है और जल्द ही हर जिले के साथ-साथ प्रदेश की नब्बे की नब्बे विधानसभाओं में समाज की युवा इकाईयों का विस्तार किया जाएगा। इस मौके पर प्रदेश सचिव आकाश चाचाण ने कहा कि मजबूत संगठन और जागरूक नेतृत्व ही किसी भी समाज की सबसे बड़ी ताकत होते हैं। इसलिए अग्रवाल वैश्य समाज के अपने गठन के साथ ही ये तय कर लिया था कि समाज के युवाओं को अवसर देना इस संगठन की सबसे बड़ी उपलब्धि होगी। उन्होंने कहा कि जब युवा संगठित होकर समाज के मुद्दों को लेकर आगे बढ़ेंगे, तभी राजनीतिक क्षेत्र में समाज की भागीदारी और प्रभाव दोनों बढ़ेंगे। युवा महासचिव विकास बंसल ने सभी अतिथियों एवं पदाधिकारियों का धन्यवाद व्यक्त किया। इस अवसर पर सिरसा जिलाध्यक्ष सन्नी बांसल, युवा जिलाध्यक्ष ललित बांसल, विधानसभा अध्यक्ष शिवा बांसल, कोषाध्यक्ष शंकर गर्ग, चेतन जिंदल, मोहित बांसल सहित समस्त जिला एवं विधानसभा के पदाधिकारी उपस्थित रहें।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

