सारंगढ़-बिलाईगढ़, 22 जून (आरएनएस) कलेक्टर एवं भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी की जिला अध्यक्ष पद्मिनी भोई साहू की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में रेडक्रॉस प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन की सेवा गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने तथा जनहित से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में पिछली बैठक के प्रस्तावों की समीक्षा के साथ संरक्षक एवं आजीवन सदस्यता अभियान को गति देने, रेडक्रॉस की सामाजिक एवं राहत सेवाओं का विस्तार करने, नियमित रक्तदान शिविर आयोजित करने तथा रेडक्रॉस कार्यालय में डॉर्मेट्री और कैंटीन निर्माण की योजना पर विचार किया गया। इसके अलावा कार्यालय संचालन को बेहतर बनाने के लिए कार्यालय सहायक और कंप्यूटर ऑपरेटर की नियुक्ति तथा टेबल, कुर्सी, कंप्यूटर और प्रिंटर सहित आवश्यक संसाधनों की खरीदी पर भी सहमति बनी।
प्रबंधन समिति ने परीक्षा केंद्रों में आवश्यक पर्चियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, समिति सदस्यों को प्रमाण-पत्र प्रदान करने, बैज क्रय करने तथा विभिन्न जनसेवा गतिविधियों के लिए 100 स्वयंसेवकों की टीम तैयार करने का निर्णय लिया। बैठक में यह भी तय किया गया कि जो सदस्य 100 योग्य सदस्य बनाएगा, उसे प्रबंधन समिति की बैठकों में शामिल होने का अधिकार मिलेगा। वहीं 25 हजार रुपये के सहयोग से संरक्षक सदस्य बनने वालों को भी समिति में स्थान दिया जाएगा।
रेडक्रॉस की गतिविधियों को ब्लॉक स्तर तक मजबूत करने के उद्देश्य से जिले के सभी विकासखंडों में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) की अध्यक्षता में रेडक्रॉस प्रबंधन समिति गठित करने का निर्णय भी लिया गया।
बैठक में रेडक्रॉस सोसाइटी के सभापति एवं उपसभापति, जिला पंचायत सीईओ इंद्रजीत बर्मन, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र वैष्णव सहित रेडक्रॉस के सदस्य, आजीवन सदस्य एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

