०माता कौशल्या गौरव अभियान समिति के आयोजन में संत कवि पवन दीवान को दी गई श्रद्धांजलि
दुर्ग,22 जून (आरएनएस)। माता कौशल्या गौरव अभियान समिति द्वारा बेरला विकासखंड के ग्राम तारालीम में श्रीराम कथा एवं मानस गान का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिला मंडलियों एवं पुरुष कलाकारों द्वारा प्रस्तुत मानस गायन के साथ भगवान श्रीराम की महिमा का गुणगान किया गया, जिससे पूरा गांव भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।संस्कृति विभाग, छत्तीसगढ़ शासन तथा स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ गोस्वामी तुलसीदास एवं संत कवि पवन दीवान के चित्रों पर माल्यार्पण कर किया गया।समिति के अध्यक्ष डॉ. परदेशी राम वर्मा ने अपने संबोधन में संत कवि पवन दीवान को स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने अपने जीवन के अंतिम वर्षों में माता कौशल्या के गौरव और भगवान श्रीराम के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य किया। उन्होंने कहा कि समिति उसी सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रही है।कार्यक्रम में ग्राम लवातारा के कला दल के कलाकार राजेंद्र साहू ने छत्तीसगढ़ महतारी गीत की मनमोहक प्रस्तुति दी। वहीं ग्राम बोरसी के मानस मर्मज्ञ मनहरण लाल साहू ने छत्तीसगढ़ के भांजे श्रीरा विषय पर अपने भावपूर्ण विचार रखे, जिसने उपस्थित श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।आयोजन में आसपास के गांवों के मानस मर्मज्ञ, कलाकार एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान कलाकारों को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर अंचल के प्रसिद्ध रामायणी शेर अली को भी श्रद्धापूर्वक याद किया गया। कार्यक्रम के अंत में समिति की ओर से नीतीश कुमार ने संस्कृति विभाग एवं सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन संत कवि पवन दीवान को समर्पित एक सच्ची श्रद्धांजलि है और ऐसे कार्यक्रम क्षेत्र के विभिन्न गांवों में निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

