रायगढ़, 23 जून (आरएनएस)। रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर पत्नी पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। गंभीर रूप से घायल महिला का इलाज मेडिकल कॉलेज रायगढ़ में जारी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम देवगढ़ निवासी सत्यवती राठिया (30) आंगनबाड़ी सहायिका के रूप में कार्यरत हैं। उनके चचेरे भाई पवन राठिया ने थाना घरघोड़ा में शिकायत दर्ज कराई कि सत्यवती का पति इंद्रजीत राठिया (32) शराब के नशे में आए दिन मारपीट और विवाद करता था। परिजनों द्वारा कई बार समझाने के बावजूद उसके व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया।
० पैसे मांगने पर किया हमला
21 जून की दोपहर आरोपी शराब पीने के लिए पैसे मांगने घर पहुंचा। पत्नी द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर उसने गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए बांस के डंडे से पत्नी के सिर और दोनों हाथों पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल महिला को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घरघोड़ा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रायगढ़ रेफर कर दिया गया।
० 24 घंटे में गिरफ्तारी, डंडा बरामद
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी इंद्रजीत राठिया को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा भी बरामद कर लिया गया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
बंछोर
000
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

