महासमुंद,23 जून (आरएनएस)। महासमुंद जिले के खल्लारी थाना क्षेत्र में एक युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई है। रामखेड़ा झारा नाला के पास रेत में दबी युवती की लाश मिलने के बाद पुलिस हत्या की आशंका को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने खल्लारी पुलिस को सूचना दी कि रामखेड़ा झारा नाला के समीप रेत में एक शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर पहुंचने पर पुलिस ने पाया कि युवती के शव का आधा हिस्सा रेत के बाहर था, जबकि शेष हिस्सा रेत में दबा हुआ था।
घटना की खबर फैलते ही आसपास के गांवों के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू की और घटनास्थल से युवती की एक चप्पल तथा बालों का गुच्छा भी बरामद किया है।
प्रारंभिक जांच में शव करीब दो दिन पुराना बताया जा रहा है। शव की स्थिति और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को देखते हुए पुलिस हत्या की आशंका जता रही है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
मृतका की पहचान में जुटी पुलिस
फिलहाल मृत युवती की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी खंगाल रही है। इसके साथ ही स्थानीय लोगों और आसपास के गांवों के निवासियों से पूछताछ कर युवती की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान जुटाए जा रहे साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

