एक भीषण आग ने कुछ ही मिनटों में 15 परिवारों के सपनों को राख में बदल दिया। जिन आंखों में सुनहरे भविष्य की चमक थी, वे आंखें हमेशा के लिए बंद हो गईं। यह हादसा सिर्फ एक दुर्घटना नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गहरा आघात बन गया है।
लखनऊ 23 जून (आरएनएस) शहर के एक कोचिंग संस्थान में हुए दर्दनाक अग्निकांड ने पूरे देश को शोक में डुबो दिया है। भीषण आग की चपेट में आने से 15 होनहार विद्यार्थियों की असमय मौत हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कई छात्र-छात्राओं को संभलने तक का मौका नहीं मिला। सूचना मिलते ही दमकल और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा तथा आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास किए गए, लेकिन तब तक कई परिवारों के चिराग बुझ चुके थे।
इस हृदयविदारक हादसे में अनुष्का यादव (20 वर्ष), आदित्य श्रीवास्तव (21 वर्ष), तुषा मिश्रा (19 वर्ष), शिवम सोनी (20 वर्ष), मयंक गुप्ता (22 वर्ष), काजल वर्मा (19 वर्ष), अंकित राज (21 वर्ष), साक्षी पाल (20 वर्ष), सागर (20 वर्ष), नेतोशा (20 वर्ष), अनामिका (20 वर्ष), सत्यम (20 वर्ष), अनुज (19 वर्ष), सुदक्ष्मी (20 वर्ष) एवं आदित्य श्रीवास्तव (20 वर्ष) ने अपनी जान गंवाई। ये सभी छात्र अपने सपनों को साकार करने के लिए कठिन परिश्रम कर रहे थे और अपने परिवारों की उम्मीदों का केंद्र थे।
हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिन घरों में सफलता की उम्मीदें थीं, वहां आज सन्नाटा और आंसू हैं। देशभर से लोग दिवंगत विद्यार्थियों को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।
RNS परिवार की ओर से भावपूर्ण श्रद्धांजलि
राष्ट्रीय न्यूज सर्विस (RNS NEWS) परिवार इस दुखद अग्निकांड में दिवंगत हुए सभी 15 होनहार विद्यार्थियों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता है। हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवारों को इस असहनीय पीड़ा को सहने की शक्ति प्रदान करें।
भावभीनी श्रद्धांजलि
“ये सिर्फ नाम नहीं, अधूरे सपने थे…
ये सिर्फ छात्र नहीं, हमारे देश का भविष्य थे…
आपकी यादें हमेशा हमारे दिलों में जीवित रहेंगी।”
ॐ शांति। राष्ट्रीय न्यूज सर्विस (RNS NEWS)
“आपके साथ, आपके लिए — हर खबर, सच्ची खबर”

