पुलिस का छापे से पहले ही आरोपी तृणमूल नेत्री फरार
कोलकाता/नदिया। पश्चिम बंगाल में भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के खिलाफ चल रही कार्रवाई में पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। नदिया जिला अंतर्गत करीमपुर में सोमवार देर रात पश्चिम बंगाल पुलिस और करीमपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी छापेमारी की। इस कार्रवाई में तृणमूल कांग्रेस नेत्री टिना भौमिक साहा के पैतृक घर से करीब तीन किलो सोने के जेवरात बरामद किए गए हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस बरामद सोने की अनुमानित कीमत 4 करोड़ 39 लाख रुपये बताई जा रही है। टीना तृणमूल नेता सव्यसाची दत्ता के करीबी मानी जाती हैं लेकिन पुलिस हिरासत में सव्यसाची दत्ता उक्त बात से इंकार किया है।
हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही भनक लगते ही टीना भौमिक साहा घर छोड़कर फरार हो गईं। गौरतलब है कि गत 8 जून को विधाननगर दक्षिण थाने की पुलिस ने जबरन वसूली के गंभीर आरोपों में टीएमसी नेता सब्यसाची दत्त को गिरफ्तार किया था। इस बार के विधानसभा चुनाव में टीएमसी ने उन्हें बारसात सीट से उम्मीदवार भी बनाया था, लेकिन वह चुनाव हार गए थे। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तारी के बाद सब्यसाची के कई ठिकानों पर छापेमारी की गई, जहां से भारी संपत्ति और 5 बैंक खातों का पता चला। इसके बाद पुलिसिया पूछताछ में सब्यसाची ने अपनी बेहद करीबी टीना भौमिक साहा के नाम का खुलासा किया। सोमवार की रात जब पुलिस सब्यसाची को लेकर टीना के घर पहुंची, तो वह वहां नहीं मिलीं। इसके बाद पुलिस ने उनके पिता के घर पर भी सघन तलाशी अभियान चलाया।
पिछले लोकसभा चुनाव से पहले टीएमसी ने उन्हें नदिया जिले का पर्यवेक्षक भी बनाया था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि उसी समय से सब्यसाची दत्त के साथ उनकी नजदीकियां काफी बढ़ गई थीं। बरामद किए गए भारी मात्रा में सोने के गहनों को लेकर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है। जांच अधिकारी इस बात का पता लगा रहे हैं कि यह सोना टीना की निजी संपत्ति है या फिर इसे जबरन वसूली के पैसों से खरीदकर वहां छुपाया गया था। क्या इस सोने का सब्यसाची दत्त के वसूली रैकेट से कोई सीधा संबंध है? पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
इस पूरे मामले पर कृष्णानगर के पुलिस अधीक्षक अतुल वी ने बताया कि “जब पुलिस टीम ने टीना भौमिक साहा के घर पर छापेमारी की, तब वह घर पर मौजूद नहीं थीं। पुलिस की टीमें उनकी तलाश में जुटी हैं और जल्द ही उन्हें पूछताछ के लिए हिरासत में लिया जाएगा।”
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

