माल्दा। शहर के बाईपास पर एक सड़क हादसे में दो सिविक वालंटियर की मौत हो गई। आज पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही दोनों के शव गांव पहुंचे, पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई। मृतकों की पहचान चिरंजीत मुर्मू (34) और अशोक मंडल (36) के रूप में हुई है। दोनों ही गाजोल के रानीगंज एक नंबर पंचायत क्षेत्र के निवासी थे। पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पिछले कुछ महीनों से माल्दा जिला पुलिस लाइन में सिविक वालंटियर का प्रशिक्षण चल रहा था। चिरंजीत और अशोक दूसरे चरण के प्रशिक्षण में शामिल थे। सोमवार देर रात प्रशिक्षण खत्म कर दोनों बाइक से घर लौट रहे थे, तभी मालदा बाईपास पर पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल मालदा मेडिकल कॉलेज व अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान तड़के दोनों की मौत हो गई। दोनों अविवाहित थे और अपने परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य थे। सिविक वालंटियर सरफराज अहमद ने सरकार से मांग की है कि मृतकों के परिवारों को जल्द से जल्द आर्थिक सहायता दी जाए। उन्होंने यह भी कहा कि दुर्घटना बीमा की राशि भी शीघ्र उपलब्ध कराई जाए, ताकि परिवारों को कुछ सहारा मिल सके।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

