लखनऊ 23 जून (आरएनएस )। ठाकुरगंज क्षेत्र स्थित इरम डिग्री कॉलेज में मंगलवार दोपहर आग लगने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त प्रयास से आग पर तत्काल काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि या किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।पुलिस के अनुसार 23 जून को अपराह्न लगभग 3:50 बजे थाना ठाकुरगंज को कॉलेज परिसर में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी रिंग रोड वीरेन्द्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया।प्रारंभिक जांच में पता चला कि कॉलेज परिसर के एक कमरे में आग लगी थी। सूचना पर फायर सर्विस की दो गाडिय़ां भी मौके पर पहुंचीं। पुलिस और दमकल कर्मियों के संयुक्त प्रयास से आग पर शीघ्र नियंत्रण पा लिया गया और उसे पूरी तरह बुझा दिया गया।प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण वातानुकूलन यंत्र (एसी) में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस और अग्निशमन विभाग द्वारा विस्तृत जांच की जा रही है।अधिकारियों के अनुसार स्थिति पूरी तरह सामान्य है और परिसर में शांति बनी हुई है। समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से किसी बड़े नुकसान की आशंका टल गई।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

