सिवनी 23 जून (आरएनएस)। कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना के निर्देशन में जिले में वर्षाकाल के दौरान संभावित सर्पदंश की घटनाओं की रोकथाम एवं प्रभावी उपचार सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय सर्पदंश रोकथाम एवं नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। साथ ही जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में एंटी स्नेक वेनम की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है, ताकि आवश्यकता पडऩे पर मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि सर्पदंश से होने वाली अधिकांश मौतें घबराहट, अंधविश्वास और उपचार में देरी के कारण होती हैं। इसलिए सर्पदंश होने पर मरीज को शांत एवं स्थिर रखें तथा बिना विलंब निकटतम स्वास्थ्य केन्द्र या अस्पताल पहुंचाएं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लोगों को जागरूक किया जा रहा है कि घाव को साफ पानी से धोकर स्वच्छ कपड़े से ढंकें तथा सूजन की संभावना को देखते हुए अंगूठी, कंगन, घड़ी एवं अन्य आभूषण हटा दें।

