डिण्डोरी 23 जून (आरएनएस)। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय डिण्डोरी में भारतीय जनसंघ के संस्थापक एवं प्रखर राष्ट्रवादी नेता डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला महामंत्री सुधीरदत्त तिवारी ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्र सेवा, त्याग और समर्पण का अद्वितीय उदाहरण है। उन्होंने देश की एकता और अखंडता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उनके विचार आज भी देशवासियों को राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में जिला महामंत्री लक्ष्मण सिंह ठाकुर ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने राष्ट्र की एकता के लिए संघर्ष करते हुए “एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे” का संकल्प लिया था। उनका बलिदान भारतीय राजनीति और राष्ट्र निर्माण के इतिहास में सदैव स्मरणीय रहेगा।
इस अवसर पर उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों पर चलने तथा राष्ट्र और समाज की सेवा के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अंत में राष्ट्रहित एवं संगठन की मजबूती के लिए सामूहिक संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

