पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्णा फौगाट के नेतृत्व में प्रधानमंत्री मोदी को महिलाओं ने भेजे हस्ताक्षरित पोस्टकार्ड
सिरसा 24 जून (आरएनएस)।जिला महिला कांग्रेस की पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्णा फौगाट के नेतृत्व में बुधवार को अनेक महिलाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम भेजे गए पोस्टकार्ड पर हस्ताक्षर कर संसद में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने की मांग की। महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अल्का लांबा व प्रदेशाध्यक्ष पर्ल चौधरी के निर्देशानुसार बुधवार को चौधरी देवीलाल टाउन पार्क में जिला महिला कांग्रेस की पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्णा फौगाट के नेतृत्व में एकत्रित हुई अनेक महिलाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पोस्टकार्ड पर हस्ताक्षर कर उन्हें प्रधानमंत्री कार्यालय पोस्ट किया जिसमें उनसे पुरजोर मांग की गई है कि वे अविलंब लोकसभा में 543 सीटों में से 33 फीसदी सीटों पर आरक्षण दें ताकि महिलाओं की राजनीतिक स्तर पर भागेदारी में बढ़ौतरी हो और वे देश के विकास के लिए बनने वाले कानूनों में अपना यथासंभव योगदान दे सकें। जिला महिला कांग्रेस की पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्णा फौगाट ने इस अवसर पर कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए केवल जुमले और गुमराह करने वाली बयानबाजी तक सीमित है और वह किसी भी रूप में महिलाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण के लिए गंभीर नहीं है। ऐसे में राष्ट्रीय महिला कांग्रेस को पोस्टकार्ड पर हस्ताक्षर कर इस दिशा में राष्ट्रव्यापी अभियान आरंभ करने पर मजबूर होना पड़ा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के हितों और उसके सशक्तिकरण के लिए केवल कांग्रेस ही सही मायने में गंभीर है और उनके अधिकारों के लिए संघर्षरत है। फौगाट ने कहा कि लोकसभा में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण मिलना ये समय की मांग है और इसे महिलाओं को दिलवाने में कांग्रेस कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगी। इस हस्ताक्षर अभियान में अंगूरी देवी वर्मा, सावित्री देवी ढाका, संतोष रानी, निर्मला देवी व अंजु रानी सहित अनेक महिलाएं मौजूद थी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

