कोरबा, 24 जून (आरएनएस)। जिले में शासकीय कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के मामलों में लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने तहसील कार्यालय कटघोरा में पदस्थ सहायक ग्रेड-02 मंजू कृष्णा धिरही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं दंडाधिकारी कटघोरा के समक्ष एक शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि तहसील कार्यालय कटघोरा में नकल जारी करने के एवज में आवेदक किशन कुमार से अवैध राशि की मांग की गई। शिकायतकर्ता ने अपने आरोपों के समर्थन में एक वीडियो रिकॉर्डिंग भी प्रस्तुत की थी।
मामले की जांच और परीक्षण के बाद अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कटघोरा ने आरोपों को गंभीर मानते हुए सहायक ग्रेड-02 मंजू कृष्णा धिरही के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की। अनुशंसा के आधार पर कलेक्टर ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया।
जारी आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि के दौरान मंजू कृष्णा धिरही का मुख्यालय तहसील कार्यालय पोंड़ी-उपरोड़ा निर्धारित किया गया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय कार्यों में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

