-कहा, सरकार युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ करे सख्त कार्रवाई
-कांग्रेस संवैधानिक तरीके से लड़ेगी युवाओं के भविष्य की लड़ाई
सिरसा 25 जून (आरएनएस)। युवा देश का भविष्य है। प्रदेश के युवाओं का भविष्य दांव पर है। युवा सरकार से सवाल कर रहा है। देशभर में कितने पेपर लीक हो गए, जिससे युवाओं को निराशा हाथ लगी। हजारों युवा तनाव में चले गए, कुछ युवा अत्यधिक तनाव के कारण आत्महत्या जैसे कदम भी उठा गए। जिसे पेपर लीक कहा जा रहा है, वो पेपर लीक नहीं, हमारे युवाओं का भविष्य लीक हो रहा है। युवाओं के भविष्य को बचाने के लिए कांग्रेस पार्टी ने राहुल गांधी के दिशा-निर्देशों पर अभियान चलाने का निर्णय लिया है। उपरोक्त जानकारी जिला कांग्रेस अध्यक्ष संतोष बैनीवाल ने वीरवार को कांग्रेस भवन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही। इस मौके पर उनके साथ गजानंद सोनी, एनएसयूआई के प्रधान शुभम पूनियां भी मौजूद थे। संतोष बैनीवाल ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में युवाओं को नौकरियों के लिए भटकना नहीं पड़ता था, लेकिन आज युवा बैग में डिग्रियां लेकर घूम रहे हैं और रोजगार की कोई उम्मीद ही नहीं है। बैनीवाल ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में भी परीक्षाएं हुई थी, लेकिन कभी पेपर लीक जैसा मामला सामने नहीं आया। उन्होंने मीडिया कर्मियों द्वारा सीएम नायब सैनी द्वारा बिना पर्ची-बिना खर्ची नौकरी देने की बात पर कहा कि केवल बयान देने से नौकरियां नहीं मिलती, धरातल पर भी काम करना पड़ता है। उनहोंने कहा कि जो सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित नहीं कर सकती, उससे रोजगार की क्या उम्मीद की जा सकती है। सरकार को चाहिए कि जो लोग युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रहे हैं, उनको बचाने की बजाय उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए। कांग्रेस पार्टी ने अब युवाओं के भविष्य का बीड़ा उठाया है और संवैधानिक तरीके से युवाओं की आवाज को बुलंद किया जाएगा। अगर सरकार सीधे तरीके से इस मसले पर कार्रवाई नहीं करती है तो कांग्रेस पार्टी इसे जनआंदोलन का रूप देगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

