ढाका,25 जून। भारत अपने पड़ोसी बांग्लादेश के नागरिकों के लिए एक बार फिर पर्यटक वीजा खोलने जा रहा है। यह कदम जुलाई 2024 में हुए विद्रोह के बाद उठाया गया है। ढाका में भारत के नवनियुक्त उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने गुरुवार को जमुना फ्यूचर पार्क स्थित भारतीय वीजा आवेदन केंद्र में इसकी घोषणा की। उन्होंने बताया कि बांग्लादेशी नागरिक 28 जून से वीजा के लिए आवेदन कर सकते हैं। वीजा खोलने से द्विपक्षीय संबंधों को सामान्य बनाया जा सकेगा।
रिपोर्ट के मुताबिक, त्रिवेदी ने कहा, मुझे यह घोषणा करते हुए बहुत खुशी हो रही है कि सामान्य यात्रा वीजा फिर से शुरू किए जा रहे हैं। वीजा आवेदन 28 जून से जमा किए जा सकते हैं। मानवीय कारणों से दिए जाने वाले आपातकालीन चिकित्सा वीजा पहले की तरह ही उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने बताया कि बांग्लादेश के 5 केंद्रों ढाका, राजशाही, चटगांव, सिलहट और खुलना से वीजा जारी होंगे, जिनका भविष्य में और विस्तार किया जाएगा।
वीजा केंद्र जाने से पहले त्रिवेदी ने बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन से मुलाकात की थी। उन्होंने कार्यक्रम में कहा, वीजा एक बहुत महत्वपूर्ण मामला है, इसलिए इस मुद्दे पर निर्णय लिया जा चुका है। उम्मीद है कि इससे दोनों संप्रभु राष्ट्रों के बीच लोगों के आपसी संबंध और मजबूत होंगे। जुलाई 2024 में हुए विद्रोह के बाद भारत ने बांग्लादेशी नागरिकों के लिए पर्यटक वीजा सेवाएं निलंबित कर दी थी। हालांकि, चिकित्सा और व्यावसायिक वीजा सेवा जारी थी।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

