दुर्ग, 26 जून (आरएनएस)। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन विश्वासÓ के तहत दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब के परिवहन और बिक्री में संलिप्त 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना उतई और जामुल पुलिस ने चार अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर आरोपियों के कब्जे से 129 पौवा अवैध शराब, शराब बिक्री की नकदी और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। सभी आरोपियों को आबकारी अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, अधिक मुनाफा कमाने के उद्देश्य से आरोपी अवैध रूप से शराब का परिवहन और बिक्री कर रहे थे। सूचना मिलने पर थाना उतई और जामुल की पुलिस टीमों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चार स्थानों पर छापेमारी की।
० चार स्थानों पर हुई कार्रवाई
थाना उतई क्षेत्र में उतई शराब भट्टी के पास कार्रवाई के दौरान राम स्वरूप ठाकुर और गजेन्द्र यदु को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से 30 पौवा अवैध शराब और अपराध में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल जब्त की गई। वहीं नहर पुलिया डुण्डेरा रोड, नहरपारा में विजय यादव के कब्जे से 30 पौवा अवैध शराब बरामद की गई। इसके अलावा नहर पुलिया डुण्डेरा में देवदास कोसले के पास से 36 पौवा शराब और बिक्री की 300 रुपये नकद राशि जब्त की गई। थाना जामुल क्षेत्र के ग्राम सुरडूंग मोड़ रोड में दबिश देकर जश कुमार जोशी को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 33 पौवा अवैध शराब और बिक्री की 500 रुपये नकद राशि बरामद हुई।
० 57 हजार से अधिक की जब्ती
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कुल 129 पौवा अवैध शराब, शराब बिक्री से प्राप्त नकदी, एक मोटरसाइकिल सहित लगभग 57,700 रुपये की संपत्ति जब्त की है। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
० नशे के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी या किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ‘ऑपरेशन विश्वासÓ के तहत नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बंछोर
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

