दुर्ग, 26 जून (आरएनएस)। जिले के नंदनी थाना क्षेत्र के ग्राम डूमर में युवक की हत्या के मामले में एसडीआरएफ ने अहम कार्रवाई करते हुए तालाब में फेंके गए साक्ष्यों को बरामद किया। 10 फीट गहरे पानी में डीप डाइविंग कर टीम ने हत्या में इस्तेमाल किए गए सब्बल समेत अन्य साक्ष्य निकालकर पुलिस को सौंप दिए।
जानकारी के अनुसार, कंट्रोल रूम दुर्ग से सूचना मिली थी कि ग्राम डूमर में एक युवक की सब्बल से हत्या कर दी गई है और घटना के साक्ष्य पुराने गौठान के पास स्थित तालाब में फेंक दिए गए हैं। सूचना मिलते ही जिला सेनानी नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देश पर एसडीआरएफ की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
० 10 फीट गहरे पानी में डीप डाइविंग
घटनास्थल पहुंचकर एसडीआरएफ के जवानों ने करीब 10 फीट गहरे तालाब में डीप डाइविंग कर तलाशी अभियान चलाया। रेस्क्यू के दौरान टीम ने हत्या में प्रयुक्त सब्बल, मृतक की टी-शर्ट और जींस बरामद कर सुरक्षित बाहर निकाली। इसके बाद सभी साक्ष्य नंदनी पुलिस को आगे की जांच के लिए सौंप दिए गए।
० 19 वर्षीय युवक की हुई थी हत्या
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान केतन ठाकुर (19 वर्ष), पिता पुरुषोत्तम ठाकुर, निवासी पथरिया के रूप में हुई है। पुलिस हत्या के कारणों और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
० इन जवानों ने निभाई अहम भूमिका
रेस्क्यू अभियान में एसडीआरएफ प्रभारी धनीराम यादव के नेतृत्व में चंद्रप्रताप, थानेश्वर, विनय, ओंकार, शारदा और भानुप्रताप ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एसडीआरएफ की त्वरित कार्रवाई से हत्या से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य सुरक्षित बरामद हो सके, जिससे पुलिस की जांच को महत्वपूर्ण मदद मिली।
बंछोर
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

