बागेश्वर 26 जून (आरएनएस)। द हंगर प्रोजेक्ट के तत्वावधान में क्षेत्र की 24 पंचायतों में पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। बढ़ते वैश्विक तापमान, बदलते मौसम और पर्यावरणीय क्षति के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए दस दिवसीय अभियान संचालित किया जा रहा है। जिला संयोजक बसंती कपकोटी ने बताया कि पिछले 100 वर्षों में पृथ्वी का तापमान लगभग 0.9 डिग्री सेल्सियस बढ़ चुका है। इसके कारण वर्षा में कमी, ग्लेशियरों के पिघलने, प्राकृतिक जल स्रोतों के सूखने तथा खान-पान और आजीविका पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि वीरांगना महिला जन संगठन की सदस्यों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है।अभियान के तहत डोर-टू-डोर संपर्क कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जा रहा है। बसंती कपकोटी ने कहा कि पर्यावरणीय संकट के समाधान के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनका संरक्षण करने की आवश्यकता है।उन्होंने नौलों और धारों के आसपास चौड़ी पत्ती वाले पौधे लगाने तथा प्लास्टिक का उपयोग बंद करने पर जोर दिया। कहा कि प्लास्टिक का दुष्प्रभाव खेती पर भी पड़ रहा है। अमोली की प्रधान आनंदी देवी ने कहा कि जल, जंगल और जमीन के प्रति संवेदनशील रहते हुए पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाना होगा। इस अवसर पर मंजू बोरा, लक्ष्मी, ममता, अंजली देवी, गंगाराम, चंद्रशेखर, नीमा देवी, ज्योति देवी, बीना राज, आशा देवी, चंद्रकला देवी सहित कई लोग उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

