नईदिल्ली,27 जून। फीफा विश्व कप 2026 में ग्रुप- ई के मुकाबले में इक्वाडोर फुटबॉल टीम ने बड़ा उलटफेर किया। इस दक्षिण अमेरिकी देश ने पिछडऩे के बाद वापसी करते हुए जर्मनी फुटबॉल टीम को 2-1 से हराया। 2006 के बाद पहली बार इक्वाडोर की टीम ने नॉकआउट स्टेज में जगह पक्की की है। वहीं, एक अन्य मुकाबले में आइवरी कोस्ट ने कुरासाओ को 2-0 से शिकस्त देते हुए राउंड ऑफ-32 में जगह बनाई है।
मैच के दूसरे ही मिनट में लेरॉय साने ने गोल करके जर्मनी को बढ़त दिला दी। जर्मनी के शुरुआती गोल के बाद इक्वाडोर ने 9वें मिनट में एंगुलो के जरिए तेजी से बराबरी कर ली। इस युवा फॉरवर्ड ने बॉक्स के बाहर से गोल किया, जिसमें कई डिफेंडर और डाइविंग कर रहे मैनुअल न्यूएर को छकाया गया। इसके बाद दूसरे हाफ में प्लाटा ने 77वें मिनट में गोल किया, जो कि निर्णायक साबित हुआ।
ऑप्टा के अनुसार, दूसरे मिनट में साने का गोल फीफा विश्व कप इतिहास में दूसरा सबसे जल्दी गोल था। 1934 में अर्न्स्ट लेहनर ने ऑस्ट्रिया के खिलाफ तीसरे स्थान के लिए मैच में 3-2 की जीत के दौरान पहले ही मिनट में गोल किया था।
रिपोर्ट के अनुसार, जर्मनी ने अब लगातार 9 फीफा विश्व कप मैचों में गोल खाए हैं। यह इस टूर्नामेंट में 72 सालों में बिना क्लीन शीट के उनका सबसे लंबा सिलसिला है। जर्मनी ने अपने इतिहास में विश्व कप के ग्रुप स्टेज में 9 मैच हारे हैं। खास बात यह है कि इनमें से 4 हार पिछले तीन टूर्नामेंट में मिली हैं। 2014 में खिताब जीतने के बाद से जर्मनी ने विश्व कप में सिर्फ 4 मैच जीते हैं।
आइवरी कोस्ट से निकोलास पेपे ने 2 गोल किए और अपनी टीम को पहली बार विश्व कप के नॉकआउट चरण में पहुंचा दिया। मैच के 7वें मिनट में यान डियोमांडे की पास पर पेपे ने आसान मौके पर गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद दूसरे हाफ के दौरान 64वें मिनट में इब्राहिम सांगारे की शानदार पास पर पेपे ने स्कोर 2-0 कर दिया। दूसरी तरफ कुरासाओ की टीम मैच में कोई गोल नहीं कर सकी।
हार के बावजूद, जर्मनी पहले ही टूर्नामेंट के नॉकआउट स्टेज के लिए क्वालिफाई कर चुका था। उनका राउंड ऑफ-32 गेम 29 जून को बोस्टन में होना है। अपने ग्रुप में जर्मनी शीर्ष पायदान पर है। इक्वाडोर तीसरे नंबर की सबसे अच्छी टीमों में से एक के तौर पर नॉकआउट में मुकाबला खेलेगा। इस ग्रुप से आइवरी कोस्ट ने दूसरे स्थान पर रहते हुए राउंड ऑफ-32 में प्रवेश किया है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

