०श्रमेव जयते एप्प एवं पोर्टल के माध्यम से होगा ऑनलाइन आवेदन
सुकमा,27 जून (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा श्रमिक परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने एवं उन्हें बेहतर शैक्षणिक अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना संचालित की जा रही है। इस महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को कक्षा 6वीं से 12वीं तक उत्कृष्ट आवासीय विद्यालयों में पूर्णत: नि:शुल्क शिक्षा प्रदान की जाएगी। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पात्र विद्यार्थियों से 22 जून से 3 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। श्रम पदाधिकारी, सुकमा ने डिटेल जानकारी देते हुए बताया कि योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर श्रमिक परिवारों के बच्चों को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा, बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं प्रतिस्पर्धी अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि वे शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने भविष्य को सशक्त बना सकें। योजना के तहत ऐसे निर्माण श्रमिकों के बच्चों को लाभ प्रदान किया जाएगा, जिनका पंजीयन छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में कम से कम एक वर्ष पूर्व से वैध रूप से दर्ज हो। योजना का लाभ श्रमिक की प्रथम दो संतानों को दिया जाएगा, जो वर्तमान शैक्षणिक सत्र में कक्षा 6वीं में प्रवेश ले रहे हों। प्राप्त आवेदनों में पात्र विद्यार्थियों का चयन शासन द्वारा निर्धारित मापदंडों एवं चयन प्रक्रिया के अनुसार किया जाएगा।
उत्कृष्ट आवासीय विद्यालयों में मिलेगी नि:शुल्क शिक्षा
अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को प्रदेश के चयनित उत्कृष्ट आवासीय विद्यालयों में प्रवेश प्रदान किया जाएगा। यहां विद्यार्थियों को कक्षा 6वीं से 12वीं तक पूर्णत: नि:शुल्क शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही विद्यार्थियों को आवास, भोजन, अध्ययन सामग्री, अनुशासित शैक्षणिक वातावरण तथा समग्र व्यक्तित्व विकास के अवसर भी उपलब्ध कराए जाएंगे। योजना का उद्देश्य श्रमिक परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से मुख्यधारा से जोडऩा तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव तैयार करना है।
ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से कर सकते हैं आवेदन
इच्छुक अभिभावक एवं पात्र विद्यार्थी श्रम विभाग के श्रमेव जयते ऐप्प एवं पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त आवेदन प्रक्रिया को सरल एवं सुलभ बनाने के लिए निकटतम श्रम संसाधन केंद्र, च्वॉइस सेंटर अथवा कार्यालय श्रम पदाधिकारी, जिला सुकमा के माध्यम से भी आवेदन जमा किए जा सकते हैं।
श्रमिक परिवार समय सीमा में करें आवेदन
श्रम विभाग ने पात्र निर्माण श्रमिकों एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे निर्धारित अंतिम तिथि 3 जुलाई 2026 से पूर्व आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करें तथा शासन की इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ उठाएं। विभाग का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों को योजना से जोड़कर उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर भविष्य के अवसर उपलब्ध कराना है। अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना श्रमिक परिवारों के बच्चों को शिक्षा के माध्यम से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो उन्हें उच्च शिक्षा एवं प्रतिस्पर्धी भविष्य के लिए मजबूत आधार प्रदान करेगी।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

